मधुपुर (सोनभद्र) । रावर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के बहुअरा गांव में खेत की मेड़ बांधने के लिये उठा रहे मिट्टी को लेकर दो पक्षों में जमकर लाठी-डंडे से मारपीट हुई। इस मारपीट में कुल छह लोग घायल हुये । घटना के बाद सभी को इलाज के लिये सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मधुपुर में भर्ती कराया गया, जहां एक पक्ष की सूचना पर पीआरवी वैन अस्पताल पहुची और पुलिस कर्मियों ने दोनों पक्षों को समझाबुझा कर तीन लोगों को इलाज के लिये जिला अस्पताल भेजवाया। थोड़ी देर बाद एक पक्ष के कई लोग अस्पताल पहुँचे और दूसरे पक्ष के इलाजरत घायल पर हमला बोल दिया । यह देख प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ अखिलेश अपने अन्य चिकित्सा कर्मियों के साथ बचाने पहुँचे, लेकिन हमलावर इतने गुस्से में थे कि वे डॉक्टर को भी घायल कर दिया । स्थिति गम्भीर देख एक कर्मी ने अस्पताल का मुख्य गेट बंद कर पुलिस को सूचना दे दी । मौके पर पहुँची पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया और बाकी घायलों को जिला अस्पताल भेजवाया । हंगामे के चलते ओपीडी सेवा काफी देर के लिये बाधित रही। काफी अनुरोध एवं दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही का आश्वसन मिलने के बाद पुन: अस्पताल में इलाज शुरू हुआ । थानाध्यक्ष रामस्वरूप वर्मा ने मौके पर पहुँच कर हमलावरों द्वारा फाडे गये रजिस्टर एवं चिकित्साधिकारी से घटना का विवरण सीसीटीवी फुटेज लिया तथा कड़ी कार्यवाही का भरोसा दिलाया। प्रथम पक्ष राजेश (34) पुत्र कन्हैया तथा कन्हैया (65) पुत्र स्व0 बचाउ तथा दूसरे पक्ष के कृष्णवती पत्नी उमा, विकास (26) पुत्र बृजमोहन, सुनीता देवी (45) पत्नी बृजमोहन, आकाश (17) पुत्र बृजमोहन घायल हो गये।