Sonbhadra News : त्योहार करीब, जेब खाली! सफाईकर्मियों का फूटा गुस्सा, काम बंद कर किया प्रदर्शन
आज जिला अस्पताल स्थित मेडिकल कॉलेज में कार्यरत सफाई कर्मचारियों ने दो माह से वेतन न मिलने के विरोध में कार्य बहिष्कार कर कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन कर जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन सौंपा और लंबित भुगता...

कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन करते सफाईकर्मी......
sonbhadra
8:23 PM, February 28, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । आज जिला अस्पताल स्थित मेडिकल कॉलेज में कार्यरत सफाई कर्मचारियों ने दो माह से वेतन न मिलने के विरोध में कार्य बहिष्कार कर कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन कर जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन सौंपा और लंबित भुगतान की मांग की। वहीं कर्मचारियों का कहना है कि होली नजदीक है और उनका जनवरी-फरवरी माह का वेतन अब तक नहीं मिला है।
प्रदर्शन के दौरान सफाईकर्मियों ने बताया कि प्रबंधन की ओर से हर बार 5-10 दिन में भुगतान का आश्वासन दिया जाता है, जबकि संबंधित कंपनी अस्पताल प्रशासन पर भुगतान लंबित होने की बात कहकर जिम्मेदारी टाल देती है। उन्होंने कहा कि मात्र ₹7,000 मासिक वेतन में परिवार का भरण-पोषण करना मुश्किल है और दो महीने से वेतन न मिलने के कारण आर्थिक संकट गहरा गया है। प्रदर्शनकारी शिव कुमार ने बताया कि सफाई कर्मचारियों से 12 घंटे की ड्यूटी ली जाती है। शौचालय और बाथरूम की सफाई के साथ खून साफ करना और शव हटाने तक का कार्य करना पड़ता है। इसके बावजूद वेतन समय से नहीं मिलता। उन्होंने आरोप लगाया कि वेतन की मांग करने पर नौकरी से निकालने की धमकी दी जाती है, जिससे कई कर्मचारी खुलकर अपनी बात नहीं रख पाते।
कर्मचारियों ने मांग की है कि उनका बकाया वेतन तत्काल दिलाया जाए, मासिक वेतन न्यूनतम ₹18,000 किया जाए तथा प्रत्येक माह 1 से 5 तारीख के बीच नियमित भुगतान सुनिश्चित किया जाए।
वर्ष 2007 से कार्यरत कर्मचारियों का कहना है कि अब तक वेतन में मामूली बढ़ोतरी ही हुई है और भुगतान के लिए कई बार आंदोलन करना पड़ा है। फिलहाल कर्मचारियों की निगाहें जिला प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं।
इस दौरान क्लावती, रीता, रामभरोश, लल्लन, लीलावती, शिवकुमारी, सुदीप, आशा, मुनिया, शिवकुमार, मनीष, भरत कुमार, अशोक कुमार, अवधेश, शेषमणि सहित अन्य सफाईकर्मी मौजूद थे।



