Sonbhadra news : युवक के लापता होने पर पिता ने जताई हत्या की आशंका
प्रार्थी ने ठेकेदार, रूम पार्टनर तथा बहू पर पुत्र को गायब करने या हत्या कर शव को ठिकाने लगाने की आशंका जताई है।

sonbhadra
2:41 PM, August 6, 2025
राकेश चौबे
★ ठेकेदार, रूम पार्टनर और बहू पर मिलीभगत का आरोप
★ पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र सौंप लगायी न्याय की गुहार
मारकुंडी सोनभद्र। जुगैल थाना क्षेत्र के ग्राम खेवंधा निवासी वृद्ध आदिवासी रामनाथ चेरो ने अपने पुत्र रामबहाल चेरो की लापता होने की घटना को लेकर पुलिस अधीक्षक सोनभद्र को एक प्रार्थना पत्र सौंपते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। प्रार्थी ने ठेकेदार, रूम पार्टनर तथा बहू पर पुत्र को गायब करने या हत्या कर शव को ठिकाने लगाने की आशंका जताई है।
एसपी को सौंपे गये शिकायती पत्र में रामनाथ चेरो ने बताया कि उन्होंने अपने पुत्र रामबहाल का विवाह लगभग पांच वर्ष पूर्व ग्राम बावनझरिया,थाना-दुद्धी निवासी शिववचन चेरो की पुत्री रूपवती देवी से किया था। विवाह उपरांत रामबहाल अपनी पत्नी के साथ ससुराल में ही निवास कर रहा था। इस दौरान उसकी पहचान ठेकेदार रामकेश्वर भारती निवासी टेढ़ा ढिबुलगंज, दुद्धी से हुई, जिसने बहला-फुसलाकर उसे रोजगार के नाम पर अहमदाबाद ले गया ।अहमदाबाद में रामबहाल मिर्जापुर निवासी पंकज नामक युवक के साथ एक रूम में रहने लगा। जुलाई माह में रामबहाल और रूम पार्टनर पंकज के बीच बहू रूपवती को लेकर कहासुनी और मारपीट हुई थी, जिसकी जानकारी रामबहाल ने फोन पर अपने पिता को दी थी और खतरे की आशंका जताई थी। इसके कुछ दिन बाद रामबहाल का मोबाइल नंबर-बंद हो गया और उससे संपर्क नहीं हो पाया। पिता रामनाथ चेरो ने जब पंकज से संपर्क किया तो उसने टालमटोल करते हुए गाली-गलौज की और देख लेने की धमकी तक दे डाली। बाद में पंकज ने भी अपना मोबाइल बंद कर लिया। ठेकेदार रामकेश्वर भारती से जब जानकारी ली गई तो वह भी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दे सका और बहू रूपवती भी इस पूरे मामले में चुप्पी साधे रही। इस संदिग्ध चुप्पी और टालमटोल के चलते रामनाथ चेरो ने आशंका जताई है कि उपरोक्त तीनों लोगों ने मिलकर रामबहाल को गायब कर दिया है या उसकी हत्या कर दी है।




