Sonbhadra News : 18 सूत्रीय मांगों क़ो लेकर किसानों ने प्रदर्शन कर सौंपा ज्ञापन
मंगलवार क़ो कलेक्ट्रेट परिसर में भारतीय किसान यूनियन (अंबावता गुट) के बैनर तले किसानों ने 18 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपा। ज्ञापन के जरिए किसानों.

कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन करते किसान
sonbhadra
7:46 AM, January 8, 2025
आनन्द कुमार चौबे/राहुल सिंह (संवाददाता)
सोनभद्र । मंगलवार क़ो कलेक्ट्रेट परिसर में भारतीय किसान यूनियन (अंबावता गुट) के बैनर तले किसानों ने 18 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपा। ज्ञापन के जरिए किसानों ने सभी ग्राम पंचायतों में चकबंदी कराए जाने समेत 18 सूत्रीय मांगें पूरी करने की मांग की।
किसानों का कहना है कि जनपद सोनभद्र और मिर्जापुर के जिस ग्राम पंचायत के चकबंदी नहीं हुई है, वहाँ चकबंदी कराया जाए। वृद्धा, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन को पांच हजार रुपये प्रति माह किए जाने और प्रधानमंत्री आवास सूची से वंचित रह गए पात्र व्यक्तियों का नाम सूची में जोड़े जाने पर जोर दिया गया। सभी ने करमा ब्लॉक के सिरविट से झकाहीं जाने वाले मार्ग का चौड़ीकरण किए जाने की मांग की। इसके साथ ही एलकेजी से 12वीं तक की सभी विद्यालयों में निःशुल्क शिक्षा दिए जाने की मांग की। किसानों का कर्ज एवं बिजली बिल माफ किए जाने तथा रोडवेज बसों में महिलाओं को मुफ्त यात्रा की सुविधा प्रदान किए जाने की मांग की गई। किसानों ने धंधरौल बांध से समय-समय पर सिंचाई के लिए नहरों में पानी छोड़े जाने तथा नहरों में टेल तक पानी पहुंचाए जाने की मांग की। इसके साथ ही बर्दिया व जोगेंद्रा बांध पर सिंचाई विभाग का कर्मचारी तैनात किए जाने की मांग उठाई। अन्य मांगे भी जनहित में पूरा किए जाने की मांग की गई।
इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष संत श्याम सुंदरदास,प्रदेश प्रभारी पूर्वांचल जोखन सिंह पटेल, जिलाध्यक्ष परमेश्वर प्रजापति, महिला जिलाध्यक्ष रामा देवी, जिला प्रभारी दशरथ मौर्य, पप्पू बियार, मोती बियार, पूनम देवी, गौरीशंकर सहित अन्य किसान उपस्थित रहे।




