Sonbhadra News : स्मार्ट मीटर के खिलाफ गरजा किसान-नौजवान संघर्ष मोर्चा, बिजली विभाग कार्यालय पर किया प्रदर्शन
जनपद में स्मार्ट मीटर को लेकर बढ़ते विरोध के बीच शुक्रवार को किसान-नौजवान संघर्ष मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने राबर्ट्सगंज विद्युत वितरण खंड कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। संयोजक संदीप मिश्रा के.....

बिजली विभाग कार्यालय गेट पर प्रदर्शन करते किसान-नौजवान संघर्ष मोर्चा के कार्यकर्ता......
sonbhadra
12:38 AM, April 11, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । जनपद में स्मार्ट मीटर को लेकर बढ़ते विरोध के बीच शुक्रवार को किसान-नौजवान संघर्ष मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने राबर्ट्सगंज विद्युत वितरण खंड कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। संयोजक संदीप मिश्रा के नेतृत्व में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए स्मार्ट मीटर में व्याप्त खामियों को दूर करने और गलत बिजली बिलों की जांच की मांग की। इस दौरान ऊर्जा मंत्री उत्तर प्रदेश सरकार, लखनऊ को संबोधित ज्ञापन अधिशासी अभियंता राबर्ट्सगंज को सौंपा गया।
मोर्चा के संयोजक संदीप मिश्रा ने कहा कि "पूरे जनपद में स्मार्ट मीटर एक बड़ी समस्या बन चुका है। इसके कारण व्यापारी, किसान, नौजवान, मजदूर और गांव का गरीब तबका सभी परेशान हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बिजली विभाग जबरन स्मार्ट मीटर लगा रहा है और उपभोक्ताओं की समस्याओं की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने कहा कि एक ओर केंद्रीय बिजली मंत्री यह बयान दे रहे हैं कि स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं की सहमति से लगाए जाने चाहिए, वहीं दूसरी ओर जिले में विभागीय अधिकारी मनमानी कर रहे हैं। उन्होंने जनप्रतिनिधियों पर भी निशाना साधते हुए कहा कि जनपद के जिम्मेदार लोग कुंभकर्णी नींद में सोए हुए हैं और उन्हें आम जनता की परेशानियों से कोई सरोकार नहीं है। वे केवल इस बात को लेकर चिंतित हैं कि उनके घरों या रिश्तेदारों के यहां स्मार्ट मीटर न लगे।"
संदीप मिश्रा ने कहा कि यदि जल्द ही स्मार्ट मीटर की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो किसान-नौजवान संघर्ष मोर्चा जिले में बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी बिजली विभाग और प्रशासन की होगी।
उन्होंने बताया कि पिछले सप्ताह आयोजित जन चौपाल में चतरा ब्लॉक के डुबटिया गांव के कई उपभोक्ताओं की शिकायत सामने आई, जहां जिन परिवारों के घरों में केवल चार-पांच सीएफएल बल्ब जलते हैं, उन्हें दो से तीन लाख रुपये तक के बिजली बिल भेज दिए गए हैं। इसे पूरी तरह गलत और उपभोक्ताओं का उत्पीड़न बताते हुए उन्होंने ऊर्जा मंत्री से स्मार्ट मीटर और गलत बिजली बिलों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
इस मौके पर आकाश चौहान, शत्रुघन बिंद, नगेन्द्र धांगर, प्रमोद धांगर, नीरज तिवारी, लाल बिहारी गोंड, सत्यम पांडेय, सत्यम तिवारी, विजय चौहान, दिनेश चेरो, अनिल उरांव, कृष्णा, नंद गोंड समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।



