Sonbhadra News : फार्मर आईडी की बाधा हुई दूर, अब प्रमाणित खतौनी पर मिलेगा डीएपी-यूरिया
खरीफ सीजन में किसानों को उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने महत्वपूर्ण अपील जारी करते हुए चकबंदी एवं सर्वे कार्य से प्रभावित किसानों को बड़ी राहत दी है। उन्होंने बताया कि जिन........

AI जनरेटेड बैनर......
sonbhadra
5:21 PM, July 16, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । खरीफ सीजन में किसानों को उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने महत्वपूर्ण अपील जारी करते हुए चकबंदी एवं सर्वे कार्य से प्रभावित किसानों को बड़ी राहत दी है। उन्होंने बताया कि जिन गांवों में फार्मर आईडी नहीं बन पा रही है, वहां के पात्र किसान प्रमाणित खतौनी के आधार पर सहकारी समितियों एवं अधिकृत उर्वरक बिक्री केंद्रों से निर्धारित मानक के अनुसार डीएपी और यूरिया प्राप्त कर सकेंगे।
जिलाधिकारी चर्चित गोंड ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार मई 2026 से उर्वरक वितरण, न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीद तथा कृषि विभाग की सभी लाभार्थीपरक योजनाओं के लिए फार्मर आईडी (किसान पहचान पत्र) एवं फार्मर रजिस्ट्री अनिवार्य कर दी गई है। हालांकि जिन राजस्व ग्रामों में चकबंदी अथवा सर्वे कार्य के चलते किसानों की फार्मर आईडी नहीं बन सकी है, उन्हें राहत देने के लिए विशेष व्यवस्था लागू की गई है।
उन्होंने बताया कि ऐसे सहकारी समिति के सदस्य किसान संबंधित लेखपाल से प्रमाणित खतौनी और आधार कार्ड के साथ निकटतम सहकारी समिति अथवा अधिकृत उर्वरक बिक्री केंद्र से प्रति हेक्टेयर निर्धारित मानक के अनुसार 5 बैग डीएपी तथा 7 बैग यूरिया प्राप्त कर सकते हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि जिन किसानों की फार्मर आईडी बन चुकी है लेकिन उसमें भूमि का अंश निर्धारण नहीं हुआ है, वे भी प्रमाणित खतौनी, फार्मर आईडी एवं आधार कार्ड प्रस्तुत कर उर्वरक प्राप्त करने के पात्र होंगे।
वहीं, जिन किसानों की फार्मर आईडी अभी तक नहीं बनी है और वे सहकारी समिति के सदस्य भी नहीं हैं, वे शासन की व्यवस्था के अनुसार निजी क्षेत्र के अधिकृत उर्वरक बिक्री केंद्रों से नियमानुसार उर्वरक प्राप्त कर सकते हैं।
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने सभी किसान बंधुओं से अपील करते हुए बताया कि वे समय रहते अपने आवश्यक दस्तावेज पूर्ण कराएं और शासन द्वारा संचालित योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाएं, ताकि खरीफ सीजन में उर्वरक की उपलब्धता को लेकर किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।




