Sonbhadra News : शादी का स्वांग, लाखों की लूट,.......'लुटेरी दुल्हन' सहित तीन गिरफ्तार
शादी के नाम पर युवाओं को लूटने वाले एक गैंग का आज सोनभद्र पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने ‘लुटेरी दुल्हन’ रानी को उसकी मां और उसके कथित पति सहित म्योरपुर थाना क्षेत्र के सापाचुंआ से गिरफ्तार......

म्योरपुर पुलिस टीम के साथ लुटेरी दुल्हन गैंग के सदस्य.....
sonbhadra
8:04 PM, November 6, 2025
एस0प्रसाद (संवाददाता)
म्योरपुर । शादी के नाम पर युवाओं को लूटने वाले एक गैंग का आज सोनभद्र पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने ‘लुटेरी दुल्हन’ रानी को उसकी मां और उसके कथित पति सहित म्योरपुर थाना क्षेत्र के सापाचुंआ से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से लूट के ₹9500 नगद, एक सोने का मंगलसूत्र, एक जोड़ी चाँदी की पायल तथा विवाह के समय पहना गया लाल जोड़ा (साड़ी सहित वस्त्र) बरामद किया है।
ये था मामला -
दरअसल राजस्थान के जालौर जिले के रहने वाले पीड़ित ने IGRS पोर्टल पर शिकायत की थी कि नकली शादी के बहाने उसके साथ लूट की गई। जांच में पता चला कि गिरोह के सदस्य पहले संपर्क कर रिश्ता तय करते थे और शादी की रस्मों के बाद मौका पाकर दूल्हे का सामान और जेवर लेकर फरार हो जाते थे। पीड़ित दूर राज्यों से आने वाले होते थे, इसलिए शिकायतें अक्सर दर्ज नहीं हो पाती थीं और गैंग आसानी से बच निकलता था। वहीं IGRS के माध्यम से की गई शिकायत के आधार पर थाना म्योरपुर पर धारा 316(2), 318(4) बीएनएस का अभियोग पंजीकृत किया गया था। विवेचना के दौरान प्राप्त साक्ष्यों एवं पीड़ित के बयान के आधार पर अभियोग में 309(1), 115(2), 352, 351(3) एवं 317(2) धाराओं की वृद्धि की गई।
गैंग का सरगना अभी भी है फरार -
पुलिस पूछताछ में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस की पूछताछ गिरफ्तार अभियुक्तों ने बताया कि वह एक संगठित गिरोह के रूप में कार्य करते हैं। गिरोह का सदस्य कृष्णा मौर्या अपने साथियों के माध्यम से विवाह हेतु वर पक्ष से संपर्क करता है, जिससे मोटी रकम वसूली जाती है। इसके बाद नकली विवाह कर दुल्हन के रूप में महिला (रानी) उसका सामान एवं जेवरात लूट लेती है तथा डर-धमका कर उसको भगा देती है। अधिकांश मामलों में पीड़ित दूर राज्यों से आने वाले होते हैं, जो संकोच या दूरी के कारण शिकायत दर्ज नहीं करा पाते, जिससे गिरोह आसानी से बच निकलता है। गिरोह का मुख्य सरगना कृष्णा मौर्या अभी फरार है, जबकि गिरफ्तार आरोपी उसी के इशारे पर काम करते थे। गिरोह के सदस्य 29 अक्टूबर को भी एक बड़ी वारदात को अंजाम देकर रॉबर्ट्सगंज में लूट के जेवर बेचने जा रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें धर दबोचा। वहीं आज पुलिस ने लुटेरी दुल्हन रानी कुमारी पत्नी रवि रंजन (23वर्ष) पुत्री राजेन्द्र निवासी सुपाचुआ, उसकी मां माया देवी (50वर्ष) पत्नी स्व0 राजेन्द्र घसिया निवासी सुपाचुआ और उसकी तथाकथित पति रवि रंजन मौर्या (26वर्ष) पुत्र नथुनी मौर्या निवासी मुण्डीसेमर को गिरफ्तार किया है।
पीड़ित दूल्हे की आपबीती -
पीड़ित रमेश कुमार ने बताया कि "सुहागरात से पहले ही उसने चाकू दिखाकर कहा, चिल्लाया तो गला रेत दूंगी। उसी समय रानी की मां माया देवी ने सामान समेटना शुरू किया और भागने की तैयारी कर ली। पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि उन्होंने ₹1.5 लाख लूटे और जेवर बेचने के लिए रॉबर्ट्सगंज जाने वाले थे। जांच में यह भी सामने आया कि रानी पहले से ही रवि रंजन की पत्नी है, और दोनों माँ-बेटी अब तक कई राज्यों में नकली शादियां कर चुके हैं।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम का विवरण -
1. उ0नि0 कमल नयन दूबे थानाध्यक्ष म्योरपुर
2. उ0नि0 मनोज कुमार सिंह थाना म्योरपुर
3. हे0का0 प्रमोद कुमार यादव, का0 मनोज कन्नौजा, म0का0 सोनम कुमारी और का0 रामजीत बिन्द थाना म्योरपुर



