Sonbhadra News : आजादी के इतने वर्ष बाद भी लोगों को नसीब नहीं हुई बेहतर सड़क
यह तस्वीर चोपन ब्लाक के कोटा गांव के धवईडंडी की है। कच्ची सड़क होने के कारण बरसात में लोगों को इसी मार्ग से आना जाना पड़ता है। सबसे ज्यादा दिक्कत स्कूली बच्चों और महिलाओं को होती है।

sonbhadra
8:40 PM, August 10, 2026
- कोटा गांव के धवईडंडी का मामला
एम शर्मा (संवाददाता)
डाला (सोनभद्र) । यह तस्वीर चोपन ब्लाक के कोटा गांव के धवईडंडी की है। कच्ची सड़क होने के कारण बरसात में लोगों को इसी मार्ग से आना जाना पड़ता है। सबसे ज्यादा दिक्कत स्कूली बच्चों और महिलाओं को होती है। मिट्टी युक्त सड़क में लोग न पैदल जा पाते हैं और न साइकिल या बाइक से। कभी कभी तो चार पहिया वाहन के गुजरने से इसकी और भी दुर्दशा हो जाती है।
कोटा गांव के सरपतवा निवासी ग्राम पंचायत सदस्य पन्नालाल ने बताया कि कोटा ग्राम पंचायत के वसुधा सरपतवा रोहिनवाडंडी मनीजराडांडी औराडंडी हेठूआ आदि टोले के मार्ग को तेलगुड़वा कोटा मार्ग स्थित नवटोलिया के पास जोड़ने वाली मुख्य सड़क पर कोटा गांव के धवाईडंडी में गत मई जून माह में पुलिया निर्माण का कार्य कराया गया लेकिन पुलिया निर्माण तो हो गया पर पुलिया के ऊपर सड़क पर मिट्टी डालकर छोड़ दिया गया । पक्की सड़क नहीं बनवाई गई । जिससे ग्रामीण राहगीरों और स्कूली बच्चों को आने जाने में काफी दिक्कत होती है कई बार तो लोग फिसल कर गिर जाते हैं। वहीं दो पहिया, चार पहिया वाहनों का चक्का भी फंस जाता है । खासकर इमरजेंसी में एम्बुलेंस को भी आवागमन करने में भारी समस्या का सामना करना पड़ रहा है और हमेशा दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
मिट्टी युक्त कच्ची सड़क से पुलिया पार करने में हो रही समस्या को लेकर स्थानीय हीरावती, विजय भान, रामकुमार, दूधनाथ, विक्रम, शंभू नाथ, फागुन्नाथ आदि ग्रामीणों ने पुलिया पर जल्द पक्की सड़क बनाई जाने की मांग की है ।




