Sonbhadra News : आजादी के 78 वर्ष बाद भी विसुंधरी गांव में मूलभूत सुविधाओं का टोटा, ग्रामीण दूर से पानी ढोने को मजबूर
घोरावलक्षेत्र का विसुंधरी गांव अंग्रेजों के दौर की याद दिलाता है । आज भी यह गांव मूलभूत सुविधाओं से जूझ रहा है । बरसात के दिनों में भी यहां के लोगों को पानी लगभग दो किलोमीटर दूर से ढोकर लाना पड़ता है ।

sonbhadra
10:23 PM, September 10, 2024
राजकुमार गुप्ता (संवाददाता)
घोरावल (सोनभद्र) । स्थानीय तहसील क्षेत्र का विसुंधरी गांव अंग्रेजों के दौर की याद दिलाता है । आज भी यह गांव मूलभूत सुविधाओं से जूझ रहा है । बरसात के दिनों में भी यहां के लोगों को पानी लगभग दो किलोमीटर दूर से ढोकर लाना पड़ता है । वजह गांव में लगा सरकारी हैंडपंप व समरसेबल लंबे समय से जबाब दे चुका है तथा कुछ हैंडपंप में दूषित पानी निकल रहा है, जो ग्रामीणों के पीनी योग्य नहीं है । वहीं हर घर नल योजना का हाल यह है कि पाइप लगाकर छोड़ दिया गया है, लेकिन ग्रामीणों को आज तक पानी नसीब नहीं हो सका । यही कारण है कि ग्रामीणों को पानी के लिए जंगल की तरफ रुख करना पड़ता है, जहां बह रहे नाला के पास लगे समरसेबल से पानी लाना पड़ता है जो कि लगभग दो से ढाई किलोमीटर की दूरी पर है। पानी की जरूरत को देखते हुए पुरुष-महिलाएं व उनके बच्चे सभी डिब्बा-बाल्टी लेकर कभी साइकिल पर तो कभी हाथ में तो सिर पर रखकर ढोने को मजबूर हैं।
विसुंधरी गांव के लोगों की किस्मत ऐसी है कि यहां न कोई अधिकारी आता है और न कोई जनप्रतिनिधि, जिसे वे अपना दुःख बता सकें । यूं तो अन्य गांव में पानी की समस्या गर्मी में गहरा जाती है लड़कीं विसुंधरी में तो पूरे साल लोगों को पानी ढोकर ही लाना पड़ता है ।
ग्रामीणों ने गांव के बिगड़े हुए हैंडपंप, समरसेबल को तत्काल रिपेयर की मांग की है ताकि लोगों की समस्या का हल निकल सके ।
बहरहाल आजादी के 78 वर्ष बाद भी विसुंधरी गांव पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं से जूझ रहा है। सरकार हर घर नल योजना को लेकर भले ही लाख बड़े बड़े दावे व वादे कर ले लेकिन जमीनी हकीकत विसुंधरी जैसे गांव को देखने के बाद आसानी से लगाया जा सकता है ।




