Sonbhadra News : संविधान गौरव अभियान के मद्देनजर कराया गया निबन्ध प्रतियोगिता
विद्यालय में आयोजित हुई गोष्ठी व निबन्ध प्रतियोगिता

सोनभद्र
3:27 PM, January 24, 2025
धर्मेन्द्र गुप्ता (संवाददाता )
विंढमगंज (सोनभद्र )। भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे संविधान गौरव अभियान के अन्तर्गत शुक्रवार को शिवम इंटर कालेज महुली में गोष्ठी एवं निबन्ध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भारतीय जनता मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र चौधरी उर्फ बबलू चौधरी ने की।
भाजपा मंडल अध्यक्ष श्री चौधरी ने कहा कि देश को आजादी दिलाने और संविधान के निर्माण में डॉ भीमराव अंबेडकर जी ने अपना अमूल्य योगदान दिया, जिससे आज समाज में छुआछूत दूर हुआ, साथ ही लोगो में समानता की भावना आई।
विद्यालय के प्रधानाचार्य त्रिभुवन सिंह ने बताया कि भारतीय संविधान में नागरिकों के लिए मूल अधिकार के साथ साथ मूल कर्तव्यों और नीति निदेशक तत्वों को समाहित किया गया। जिससे आज निम्न वर्ग और उच्च वर्ग के लोग एक साथ काम कर रहे हैं। संविधान में दलित, वंचित और पिछड़े वर्गों को बराबरी का दर्जा दिलाने के लिए आरक्षण की व्यवस्था की गई। 18 वर्ष के ऊपर के वयस्क व्यक्ति को अपना मत देने का अधिकार भारतीय संविधान से ही प्राप्त हुआ, इस प्रकार डॉ अम्बेडकर ने देश के संविधान निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के दौरान पंकज गोस्वामी, देवकुमार,उपेन्द्र श्रीवास्तव समेत विद्यालय के अध्यापक मौजूद रहे।




