Sonbhadra News : अमवार सब स्टेशन की बिजली व्यवस्था ध्वस्त, तीन दिन से उपभोक्ता बेहाल
अमवार विद्युत उपकेंद्र से जुड़े दर्जनों गांवों में पिछले तीन दिनों से बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती से आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। उमस भरी गर्मी.....

अमवार सब स्टेशन......
sonbhadra
1:58 PM, July 6, 2026
राजा (संवाददाता)
अमवार । अमवार विद्युत उपकेंद्र से जुड़े दर्जनों गांवों में पिछले तीन दिनों से बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती से आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। उमस भरी गर्मी के बीच दिन-रात हो रही बिजली की आवाजाही और घंटों तक आपूर्ति बाधित रहने से उपभोक्ताओं में बिजली विभाग के प्रति भारी नाराजगी है।
ग्रामीणों का कहना है कि बिजली आपूर्ति का कोई निश्चित समय नहीं रह गया है। कई-कई घंटे तक बिजली गुल रहने और बार-बार ट्रिपिंग की समस्या से लोगों को भीषण गर्मी में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सबसे अधिक दिक्कत पेयजल आपूर्ति, घरेलू कार्यों, खेती-किसानी और छोटे कारोबार से जुड़े लोगों को हो रही है। वहीं, लगातार बिजली कटने से विद्यार्थियों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि समस्या की जानकारी देने के लिए जब कनिष्ठ अभियंता (जेई) से संपर्क करने का प्रयास किया जाता है तो उनका मोबाइल फोन तक रिसीव नहीं किया जाता। इससे उपभोक्ताओं में विभाग के प्रति नाराजगी और बढ़ गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि बिजली संकट को लेकर कई बार विभागीय अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला। यदि जल्द ही नियमित और निर्बाध बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की गई तो क्षेत्रवासी बिजली विभाग के खिलाफ आंदोलन, धरना-प्रदर्शन और घेराव करने को मजबूर होंगे। इसकी पूरी जिम्मेदारी विभाग की होगी।
ग्रामीणों ने बिजली विभाग के उच्च अधिकारियों से अमवार उपकेंद्र की तकनीकी खामियों को तत्काल दूर कर नियमित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराने की मांग की है। उनका कहना है कि भीषण गर्मी के इस दौर में लगातार बिजली संकट लोगों के लिए बड़ी मुसीबत बन गया है और विभाग को इसे गंभीरता से लेते हुए तत्काल प्रभावी कदम उठाने चाहिए।




