Sonbhadra news : ट्रांसफार्मर गिरने से हफ्तों से ठप बिजली आपूर्ति, ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
तेज आंधी के दौरान ट्रांसफार्मर गिर जाने से पिछले एक सप्ताह से बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित है। इससे स्थानीय ग्रामीणों को भीषण गर्मी और अंधेरे में रहने को मजबूर होना पड़ रहा है।

sonbhadra
5:52 PM, May 22, 2026
एम शर्मा (संवाददाता)
डाला (सोनभद्र)। ग्राम पंचायत कोटा के अम्माटोला स्थित बालू पर टोला में तेज आंधी के दौरान ट्रांसफार्मर गिर जाने से पिछले एक सप्ताह से बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित है। इससे स्थानीय ग्रामीणों को भीषण गर्मी और अंधेरे में रहने को मजबूर होना पड़ रहा है। नाराज ग्रामीणों ने शुक्रवार को प्रदर्शन कर विद्युत विभाग से जल्द सप्लाई बहाल करने की मांग की।
जानकारी के अनुसार, विद्युत सब स्टेशन परासपानी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बालू पर टोला में बीते सप्ताह आई तेज आंधी के कारण बिजली आपूर्ति के लिए लगा ट्रांसफार्मर जमीन पर गिरकर खराब हो गया। तब से गांव के कई घरों में बिजली नहीं पहुंच रही है।
ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायत के बावजूद विद्युत विभाग की ओर से अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। इसी के विरोध में महादेव सेना ट्रस्ट के अध्यक्ष निर्भय चौधरी के नेतृत्व में ग्रामीण ट्रांसफार्मर के पास एकत्र हुए और विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया।
निर्भय चौधरी ने बताया कि भीषण गर्मी के बीच बिजली न रहने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रात में अंधेरा और गर्मी के कारण बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं की दिक्कतें बढ़ गई हैं। उन्होंने प्रशासन और विद्युत विभाग से तत्काल ट्रांसफार्मर बदलकर बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की।
प्रदर्शन में लवकेश प्रजापति, सुशील त्रिपाठी, राजेंद्र कुशवाहा, अनिल, अवधेश कुशवाहा, रोहित साहनी, शिवदत्त, पप्पू कुशवाहा, छविनाथ साहनी समेत कई ग्रामीण मौजूद रहे।




