Sonbhadra News : शोषण से परेशान बिजली संविदा कर्मियों ने अधिकारियों के विरुद्ध खोला मोर्चा
अधिकारियों द्वारा शोषण करने सहित आठ सूत्रीय मांगों को लेकर बिजली निगम के संविदा कर्मचारियों ने आज रॉबर्ट्सगंज स्थित बिजली विभाग कार्यालय परिसर में धरना दिया। इस दौरान कर्मचारियों ने नारेबाजी भी की....

धरना देते बिजली संविदा कर्मचारी
sonbhadra
3:59 PM, November 21, 2024
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । अधिकारियों द्वारा शोषण से परेशान होकर आज बिजली निगम के संविदा कर्मचारियों ने अधीक्षण अभियंता के विरुद्ध मोर्चा खोल दिया। इस दौरान संविदाकर्मियों ने रॉबर्ट्सगंज स्थित बिजली विभाग कार्यालय परिसर में उत्तर प्रदेश बिजली कर्मचारी संघ के बैनर तले जिलाध्यक्ष ज्योति कुमार के नेतृत्व में धरना दिया। इस दौरान कर्मचारियों ने अधिकारियों के विरुद्ध नारेबाजी भी की। प्रदर्शन के दौरान संविदा कर्मियों में आक्रोश नजर आया।
संविदा कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष ज्योति कुमार ने बताया कि "निगम अधिकारियों पर संविदा कर्मियों के शोषण का आरोप लगाया। अधिकारियों द्वारा संविदाकर्मियों से मनमर्जी तरीके से काम लिया जाता है और मना करने की दशा में संविदा कर्मियों का वेतन काटना और उन्हें कार्य से निकाल देना आम बात हो गयी है। जबकि जिले में कार्यरत सभी संविदाकर्मियों से अनुबंध के अनुसार मेंटनेन्स व परिचालन के अलावा अनुबंध से हट कर राजस्व वसूली व असिसटेंट बिलींग का कार्य लिया जा रहा है। जिसे संविदाकर्मी हर कष्ट सह कर प्रतिदिन कार्य कर रहे है। उसके बाद भी अधिकारियों द्वारा तानाशाही रवैया अपनाते हुए किसी भी कर्मचारी से कोई भी कमी होने पर कार्यवाही की जा रही है जिससे कर्मचारी काफी डर व तनाव में कार्य कर रहे है, जो कि पूर्णतः गलत है और श्रम कानूनों का उल्लंघन है।"
वहीं जिला सचिव अभय पाण्डेय ने बताया कि "संविदाकर्मियों की आठ सूत्रीय मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन किया जा रहा है। आठ सूत्रीय मांगों में हर उपकेन्द्र पर राजस्व वसूली के लिए टीम बना कर संविदाकर्मियों के साथ रेग्युलर कर्मचारी की भी ड्यूटी लगाए जाने, श्रम विभाग व प्रबन्ध निदेशक द्वारा संविदाकर्मियों के अवकाश के सम्बन्ध में दिये गये आदेशों का अनुपालन किए जाने, विभागीय कार्य करते समय दुर्घटना में घायल जिन संविदाकर्मियों का मुआवजा नही दिया गया है मुआवजा मिलने पर उनका वेतन जारी रखे जाने, जिला में विद्युत आघात से मृतक संविदा कर्मियों का पेंशन और मुआवजे की राशि दिलाए जाने, जिले में जिन संविदा कर्मियों को स्किल्ड से अनस्किल्ड किया गया है उन्हें वापस स्किल्ड का वेतन दिए जाने, अनैतिक तरीके से निकाले गये सभी संविदाकर्मियों को वापस कार्य पर रखे जाने, सभी उपकेन्द्र पर पर्याप्त सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए जाने और जिन उपकेन्द्र पर पीने के पानी व शौचालय की व्यवस्था नही है वहां पर सभी व्यवस्था जल्द से जल्द बनाए जाने आदि शामिल है।"




