Sonbhadra News : पुलिस की तत्परता से पीड़ित को वापस मिली ₹1,70,998/-
12 दिसंबर 2025 को मनीष कुमार के उस वक्त होश उड़ गए जब अज्ञात साइबर अपराधियों द्वारा मोबाइल पर संदिग्ध वेडिंग कार्ड की एपीके फाइल भेजकर सुनियोजित तरीके से साइबर ठगी की घटना को अंजाम दिया गया।

sonbhadra
2:45 PM, April 13, 2026
घनश्याम पांडेय/विनीत शर्मा (संवाददाता)
चोपन (सोनभद्र) । 12 दिसंबर 2025 को मनीष कुमार के उस वक्त होश उड़ गए जब अज्ञात साइबर अपराधियों द्वारा मोबाइल पर संदिग्ध वेडिंग कार्ड की एपीके फाइल भेजकर सुनियोजित तरीके से साइबर ठगी की घटना को अंजाम दिया गया। उक्त फाइल डाउनलोड/इंस्टॉल करते ही आवेदक के मोबाइल की गोपनीय/बैंकिंग जानकारी (OTP आदि) अनधिकृत रूप से एक्सेस कर ली गई, जिसके परिणामस्वरूप मनीष कुमार के बैंक खाते से ₹1,70,998/- की धनराशि आहरित कर ली गई थी।
पीड़ित द्वारा साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराए जाने के उपरांत थाना चोपन की साइबर हेल्प डेस्क टीम द्वारा तत्काल संज्ञान लेते हुए तकनीकी विश्लेषण एवं डिजिटल ट्रेल के माध्यम से संदिग्ध लेन-देन का सफलतापूर्वक पता लगाया गया। तत्पश्चात संबंधित बैंक से त्वरित समन्वय स्थापित कर धनराशि को होल्ड/फ्रीज कराया गया तथा नियमानुसार प्रक्रिया पूर्ण करते हुए संपूर्ण धनराशि आवेदक के खाते में वापस कराई गई।
धनराशि प्राप्त होने पर पीड़ित द्वारा थाना चोपन पुलिस एवं साइबर टीम की त्वरित, प्रभावी एवं पेशेवर कार्यवाही की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए आभार व्यक्त किया गया।



