Sonbhadra news : चकबंदी लेखपाल की लापरवाही से किसानों की धान बिक्री पर संकट, एक सप्ताह से सत्यापन के लिए भटक रहे किसान
शासन की ओर से धान खरीद की स्वीकृति मिलने के बावजूद चकबंदी प्रक्रिया के तहत खतौनी के ऑनलाइन सत्यापन में कथित लापरवाही किसानों के लिए मुसीबत बन गई है।

AI जेनरेटेड फोटो
sonbhadra
8:29 PM, November 24, 2026
राकेश चौबे
◆ सलखन न्याय पंचायत की 15 ग्राम सभाओं के किसानों में आक्रोश, जिलाधिकारी से कार्रवाई की मांग
मारकुंडी (सोनभद्र) । शासन की ओर से धान खरीद की स्वीकृति मिलने के बावजूद चकबंदी प्रक्रिया के तहत खतौनी के ऑनलाइन सत्यापन में कथित लापरवाही किसानों के लिए मुसीबत बन गई है। सलखन न्याय पंचायत क्षेत्र की 15 ग्राम सभाओं के किसानों की धान बिक्री सत्यापन प्रक्रिया में देरी के चलते प्रभावित हो रही है। किसान पिछले एक सप्ताह से चकबंदी कार्यालय का चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं होने से उनमें आक्रोश व्याप्त है।
सदर विकास खंड क्षेत्र के सलखन न्याय पंचायत अंतर्गत मारकुंडी सहकारी समिति से जुड़े किसानों का कहना है कि धान बिक्री के लिए आवश्यक ऑनलाइन खतौनी, आईडी एवं पासवर्ड की प्रक्रिया पूरी करने के बावजूद चकबंदी लेखपाल द्वारा सत्यापन में लगातार हिलाहवाली की जा रही है। किसानों का आरोप है कि सत्यापन में देरी के कारण वे धान क्रय केंद्रों पर अपनी उपज बेचने की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ा पा रहे हैं।
एक ओर किसान धान बिक्री की तैयारी में जुटे हैं, वहीं दूसरी ओर बेमौसम बारिश ने खेतों और खलिहानों में रखी धान की फसल को प्रभावित कर उनकी चिंता और बढ़ा दी है। ऐसे में समय पर धान बिक्री नहीं हो पाने से किसानों को आर्थिक नुकसान की आशंका सता रही है।
किसानों का कहना है कि वे कई दिनों से चकबंदी कार्यालय के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार स्तर पर उनकी समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। किसानों ने संबंधित अधिकारी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए प्रशासन से मामले में हस्तक्षेप की मांग की है।
इस संबंध में क्षेत्र के सहकारी समिति अध्यक्ष सत्यदेव पाण्डेय, द्वेवेश देव, आलोक कुमार, रंगनाथ मिश्रा, मिथलेश, राहुल सिंह सहित अन्य प्रबुद्ध किसानों ने जिलाधिकारी से किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए मामले का संज्ञान लेने, ऑनलाइन खतौनी सत्यापन प्रक्रिया शीघ्र पूरी कराने तथा लापरवाही की जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है।
किसानों की मांग है कि सत्यापन में अनावश्यक देरी खत्म कर जल्द प्रक्रिया पूरी कराई जाए, ताकि वे समय रहते अपनी धान की उपज बेच सकें और उन्हें आर्थिक नुकसान से बचाया जा सके।




