Sonbhadra News : सोनभद्र का एक ऐसा गांव जहां न स्कूल है और न बिजली-पानी
घाटी में बसे इस गांव की प्राकृतिक छटा देखते ही बनती है लेकिन शाम होते ही ज्यादातर घर अँधेरों में डूब जाते हैं क्योंकि उनके पास रौशनी के लिए कोई साधन नहीं है ।

sonbhadra
9:40 PM, November 24, 2026
- बच्चे दिनभर खेलते हैं जुआ या फिर चराते हैं बकरी
- जिला मुख्यालय के नजदीक का है गांव
- मंत्री संजीव गोड़ के विधानसभा क्षेत्र का है यह गांव
- इस गांव ने खोले सभी विभागों के दावे की पोल
शान्तनु विश्वास/प्रकाश खत्री
सोनभद्र जिला मुख्यालय से महज 5 किमी0 दूर मारकुंडी ग्राम पंचायत का बल्लही टोला इन दिनों खासा चर्चा में है। ओबरा विधानसभा अंतर्गत इस गांव में आजादी के बाद से अब तक कोई भी मूलभूत सुविधा नहीं पहुंची। बल्लही गांव में आज तक न बिजली पहुंची और न पानी। ड्रॉप आउट बच्चों को लेकर शिक्षा विभाग द्वारा चलाया जा रहा अभियान भी यहां दम तोड़ता नजर आ रहा है । लगभग तीन सौ घर वाले इस गांव में कोई स्कूल तक नहीं है । यहां के बच्चे दिनभर या तो जुआ खेलते हैं या फिर बकरियां चराते हैं । गरीबी की दंश झेल रहे ग्रामीणों को राशन लेने के लिए लगभग 6-7 किमी0 की दूरी तय करनी पड़ती है। मेहनत मजदूरी करके दो वक्त की रोजी-रोटी जुगाड़ करने वाले ग्रामीणों का कहना है कि उनके यहां आज तक बिजली तक नहीं पहुंची है। पानी भी उन्हें बंधी से ढोकर लाना पड़ता है क्योंकि हर घर नल योजना की पाइप लाइन आज तक बिछा ही नहीं । घाटी में बसे इस गांव की प्राकृतिक छटा देखते ही बनती है लेकिन शाम होते ही ज्यादातर घर अँधेरों में डूब जाते हैं क्योंकि उनके पास रौशनी के लिए कोई साधन नहीं है । सरकार ने कुछ घरों में सोलर पैनल लगा दिया लेकिन ग्रामीणों का कहना है कि वह भी पर्याप्त नहीं होता। कई ग्रामीणों ने हैरान करने वाली बात बताई, उनका कहना है कि आज तक वे अपने विधायक को देखे तक नहीं हैं । 10 साल की सरकार होने को चली लेकिन ओबरा विधायक को कभी ग्रामीणों की सुधि लेने का समय तक नहीं मिला । सरकार ने शायद ओबरा विधायक को मंत्री इसी सोच के साथ बनाया था कि वे अपने समाज के साथ लोगों की समस्या शासन स्तर पर हल कराएंगे मगर मंत्री जी को शायद समय नहीं मिल सका ।
फिलहाल इस बार बल्लही गांव के ग्रामीण वोट न देने की बात कह रहे हैं । उनका कहना है कि जब उनके वोट देने के बाद भी व्यवस्था में कोई तब्दीली नहीं हुई तो वोट देने का क्या फायदा ।
बहरहाल मारकुंडी ग्राम पंचायत का बल्लही गांव उन अधिकारियों के लिए शर्मनाक है जो एसी कमरे में बैठकर बड़े-बड़े दावे करते हैं और धरातल पर शून्य है।




