Sonbhadra News : जंगल में आग लगने से पेयजल का पाइप जला, जलापूर्ति बाधित
विकास खंड नगवां के साड़सोत गांव के पास जंगल में आग लगने से जल जीवन में लगा पाइप जल गया । जिससे गाँव में जलापूर्ति बाधित हो गई है।लोगों ने अविलंब पाईप लगाने की मांग की है।

sonbhadra
6:06 PM, February 28, 2026
अवधेश पटेल (संवाददाता)
० नहीं बदला गया पाइप तो होली हो जायेगी चौपट
वैनी (सोनभद्र) । विकास खंड नगवां के साड़सोत गांव के पास जंगल में आग लगने से जल जीवन में लगा पाइप जल गया । जिससे गाँव में जलापूर्ति बाधित हो गई है।लोगों ने अविलंब पाईप लगाने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार विकास खंड नगवां के सिकरवार ग्राम पंचायत के साड़सोत गांव के सड़क के किनारे नौगढ़ रेंज का जगल लगा है । जिसमें सिकरवार, साड़सोत, गोटीबंध, गांव में जल जीवन मिशन के तहत पानी सप्लाई के लिए पेयजल का पाइप उपर से ही बिछाया गया है। शनिवार सुबह जंगल में किसी तरह आग लग गई । जिससे हड़कंप मच गया। राहगीरों एवं आस-पास के लोगों ने किसी तरह काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया लेकिन करीब 100 मीटर पाईप आग से जल गया । जिससे गांव की जलापूर्ति बाधित हो गई । ग्रामीण अशोक, रामराज, जालिम ने बताया कि हर जगह पेयजल की पाइप जमीन के अंदर से गयी है लेकिन यहां ओपन पाइप लगाया गया जिसे लेकर कई बार संबंधित विभाग को अवगत कराया गया है कि जमीन खुदाई करके पाइप अंदर किया जाए क्योंकि पिछले वर्ष भी पाइप जल गया था । लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई । वहीं राकेश, सोमारु ने बताया कि अभी दस दिनों बाद पेयजल आपूर्ति बहाल हुई थी लेकिन पाइप जलने से फिर से बाधित हो गई । गांव में हैंडपंप भी ख़राब पड़ा हुआ है जिससे पीने के पानी कि समस्या हो गयी । ग्रामीणों ने अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराते हुए कहा कि होली जैसे बड़े त्योहार में पानी की आपूर्ति बाधित होने से उन्हें बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।



