जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बताया कि "इस महत्वपूर्ण कार्य को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए जनपद में 16 चार्ज अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। वहीं सर्वे कार्य के लिए 3618 प्रगणक और 608 सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं। उन्होंने बताया कि मकान सूचीकरण (एचएलओ) कार्य के लिए कुल 3655 कर्मियों को लगाया गया है, जो घर-घर पहुंचकर निर्धारित प्रारूप के अनुसार जानकारी एकत्र करेंगे। वहीं डीएम ने बताया कि प्रगणक केवल शासन द्वारा निर्धारित 34 प्रश्न ही पूछेंगे और नागरिकों को केवल उन्हीं सवालों का जवाब देना है। उन्होंने आमजन से अपील की कि सर्वे टीम के साथ सहयोग करें, लेकिन यह भी सुनिश्चित करें कि सर्वे के लिए आने वाले प्रत्येक प्रगणक के पास उसका वैध परिचय पत्र अवश्य हो।मकान सूचीकरण और गणना के दौरान परिवार एवं भवन से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां जुटाई जाएंगी। इनमें मकान का उपयोग, भवन की स्थिति, निर्माण सामग्री, कमरों की संख्या, पेयजल स्रोत, शौचालय की उपलब्धता, बिजली कनेक्शन, रसोई ईंधन, परिवार के सदस्यों की संख्या, मोबाइल और इंटरनेट सुविधा, वाहन, बैंकिंग सुविधा समेत अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े प्रश्न शामिल हैं।"