Sonbhadra News : जिला अस्पताल में उपलब्ध दवाएं ही लिखें डॉक्टर - नीलिमा कटियार
उत्तर प्रदेश विधान मंडल की महिला एवं बाल विकास समिति ने आज जिला चिकित्सालय सहित महिला वन स्टाॅप सेंटर, कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, प्राथमिक विद्यालय प्रथम का निरीक्षण किया।

सोनभद्र
11:00 PM, August 13, 2024
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । आज जनपद सोनभद्र भ्रमण के दौरान उत्तर प्रदेश विधान मण्डल की महिला एवं बाल विकास समिति के द्वितीय उप समिति की सभापति नीलिमा कटियार, समिति सदस्य विधायक डाॅ0 मनोज कुमार प्रजापति, समिति सदस्य विधायक सलोना कुशवाहा ने जिला संयुक्त चिकित्सालय, महिला वन स्टाफ सेन्टर, कस्तूरबा गाॅधी आवासीय बालिका विद्यालय, प्राथमिक विद्यालय प्रथम लोढ़ी, आंगनबाड़ी केन्द्र, पंचायत भवन लोढ़ी का निरीक्षण किया। इस दौरान समिति ने शासन द्वारा संचालित योजनाओं के क्रियान्वयन के सम्बन्ध में जानकारी ली और सम्बंधितों क़ो आवश्यक दिशा-निर्देश दिया।
यूपी विधान मण्डल की महिला एवं बाल विकास समिति की द्वितीय उप समिति ने आज सभापति और दोनों सदस्यों ने सर्वप्रथम जिला संयुक्त चिकित्सालय लोढ़ी का निरीक्षण किया। इस दौरान अध्यक्ष महिला बाल विकास समिति ने जिला चिकित्सालय के एन0आर0सी0 सेन्टर, लेबर रूम, एस0एन0सी0यू0 एवं चिकित्सालय प्रांगण के विभिन्न वार्डो का निरीक्षण किया गया, निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष ने मरीजों को वितरित की जाने वाली दवाईयों के सम्बन्ध में जानकारी ली तो मरीजों के तिमारदारों ने बाहर की दवा लिखने की शिकायत की साथ ही अल्ट्रासाउंड और एक्सरे के लिए भी कई दिनों तक इंतजार की समस्या बताई। जिस पर उन्होंने CMO, मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल और सीएमएस को निर्देशित करते हुए कहा कि इलाज हेतु मरीजों को जिला संयुक्त चिकित्सालय में उपलब्ध दवाओं को ही डाक्टरों द्वारा लिखा जाये, जिससे उन्हें दवाओं के लिए परेशान न होना पड़ें और अल्ट्रासाउण्ड की व्यवस्था सुचारू ढंग से बनायी जाये, जिससे मरीजों का समय से अल्ट्रासाउण्ड हो सके।
इसके पश्चात समिति ने वन स्टाफ सेन्टर में शिशु कक्ष का फीता काटकर उद्घाटन किया। इस दौरान समिति ने वन स्टाफ सेन्टर में तैनात कार्मिकों की स्थिति का जायजा लिया और कार्मिकों द्वारा किये जा रहे कार्यों की जानकारी प्राप्त करते हुए अब तक किये गये कार्यों के रिकार्ड की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने कहा कि महिला उत्पीड़न सम्बन्धी मामले को तत्परता के साथ निस्तारण कराने का हर संभव प्रयास किया जाये, निस्तारण में किसी प्रकार की समस्या आने पर जिला प्रशासन व पुलिस प्रशासन का सकारात्मक सहयोग लिया जाये, ताकि महिलाओं के साथ किसी प्रकार की उत्पीड़न न होने पायें।
इसी प्रकार से समिति के सदस्यों ने डायट परिसर उरमौरा में स्थापित कस्तूरबा गाॅधी बालिका विद्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने छात्राओं से वार्ता किया और उनके बौद्धिक स्तर की स्थिति को जाना। उन्होंने छात्राओं से वार्ता कर दिये जा रहे भोजन, नास्ता, बेड आदि के सम्बन्ध जानकारी प्राप्त की, जिस पर छात्राओं द्वारा गुणवत्तायुक्त भोजन मिलने की सही बात बताने पर संतोष व्यक्त किया करते हुए छात्राओं की सराहना भी किया गया। इस दौरान उन्होेंने छात्राओं से कविता सुनाने की बात कहीं, जिस पर छात्राओं ने सामुहिक रूप से सुन्दर कविता को सुनाया। बच्चों के मुख से कविता सुन सभी ने काफी प्रसन्नता व्यक्त की और प्रसन्न मन से छात्राओं की सराहना की। इस दौरान उन्होंने छात्राओं से पूछा कि भविष्य में किसको क्या बनाना है, जिस पर कुछ छात्राओं ने अध्यापक बनने पर अपनी सहमति जतायी, जिस पर उन्होंने छात्राओं से कहा कि अध्यापक बनने के लिए कड़ी मेहनत व लगन की जरूरत है, इसके लिए आप सभी को मन लगाकर पढ़ायी-लिखायी करने की जरूरत है, तभी यह सपना साकार हो सकेगा। इस दौरान अध्यक्ष व समिति के सदस्यों द्वारा वृक्षारोपण भी किया गया।




