Sonbhadra News : मुसीबत में चुप नहीं रहना, मदद के लिए आगे बढ़ना, टीम ने छात्र-छात्राओं को बताए हेल्पलाइन नंबर
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के निर्देशन में बुधवार को महिला एवं बाल सुरक्षा को लेकर उरमौरा स्थित एक निजी विद्यालय और स्वर्ण जयंती चौक में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। महिला कल्याण विभाग की टीम......

sonbhadra
8:15 PM, August 12, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के निर्देशन में बुधवार को महिला एवं बाल सुरक्षा को लेकर उरमौरा स्थित एक निजी विद्यालय और स्वर्ण जयंती चौक में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। महिला कल्याण विभाग की टीम ने छात्र-छात्राओं एवं उपस्थित लोगों को महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा, उनके अधिकारों तथा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर जागरूक किया।
कार्यक्रम के दौरान मिशन शक्ति, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान और पीसीपीएनडीटी अधिनियम सहित महिला एवं बाल सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई। छात्र-छात्राओं को सुरक्षित व्यवहार अपनाने, शिक्षा के प्रति जागरूक रहने और आत्मनिर्भर बनकर सशक्त होने के लिए प्रेरित किया गया।
मुसीबत में इन नंबरों पर मिलेगी मदद -
महिला कल्याण विभाग की टीम ने छात्र-छात्राओं को विभिन्न हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी देते हुए बताया कि किसी भी प्रकार की हिंसा, उत्पीड़न या असुरक्षित परिस्थिति का सामना होने पर चुप न रहें और तत्काल सहायता लें। इस दौरान महिला हेल्पलाइन-181, चाइल्ड हेल्पलाइन-1098 और आपातकालीन सेवा-112 के बारे में विस्तार से बताया गया।
योजनाओं का लाभ पात्रों तक पहुंचाने पर जोर -
कार्यक्रम में वन स्टॉप सेंटर, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना और मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं की पात्रता एवं मिलने वाले लाभ के संबंध में भी जानकारी दी गई। विभागीय टीम ने उपस्थित लोगों से पात्र लाभार्थियों को इन योजनाओं से जोड़ने और शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक जरूरतमंदों तक पहुंचाने में सहयोग की अपील की।
कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं और बच्चों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ ही उन्हें सुरक्षा के प्रति सजग बनाना रहा। जागरूकता कार्यक्रम में जेंडर एक्सपर्ट साधना मिश्रा, सेंटर मैनेजर दीपिका सिंह, परियोजना समन्वयक मुकेश सिंह सहित महिला कल्याण विभाग की टीम मौजूद रही।




