Sonbhadra News : बच्चों का आधार बनवाने में न करें लापरवाही, 18 वर्ष से पूर्व बायोमैट्रिक अपडेट कराना अनिवार्य - डीएम
आधार कार्ड निर्माण एवं आधार प्रमाणीकरण व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं जनहितकारी बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित......

कलेक्ट्रेट में अधिकारियों संग बैठक करते डीएम चर्चित गोंड......
sonbhadra
5:09 PM, July 28, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । आधार कार्ड निर्माण एवं आधार प्रमाणीकरण व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं जनहितकारी बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि बच्चों का आधार कार्ड बनाने के कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और इसे सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ समयबद्ध ढंग से पूरा कराया जाए।
वहीं जिलाधिकारी चर्चित गोंड ने कहा कि "आधार आज प्रत्येक नागरिक की पहचान का सबसे महत्वपूर्ण दस्तावेज बन चुका है। शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने, बैंकिंग सेवाओं, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा अन्य सरकारी सुविधाओं के लिए आधार का अद्यतन और प्रमाणीकरण आवश्यक है। उन्होंने विशेष रूप से नवजात एवं छोटे बच्चों का आधार कार्ड समय पर बनवाने पर जोर देते हुए कहा कि 18 वर्ष की आयु पूर्ण होने से पहले प्रत्येक व्यक्ति अपने आधार का बायोमेट्रिक अपडेट अनिवार्य रूप से करा ले, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की तकनीकी समस्या या सरकारी सेवाओं का लाभ लेने में कठिनाई का सामना न करना पड़े।"
बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में बेसिक शिक्षा विभाग, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार (आईसीडीएस) तथा स्वास्थ्य विभाग को बच्चों के आधार नामांकन के लिए मशीनें उपलब्ध कराई गई हैं। इन विभागों के माध्यम से विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों और स्वास्थ्य संस्थानों पर बच्चों के आधार कार्ड बनाए जा रहे हैं। वहीं आम नागरिकों के लिए बैंक एवं डाकघरों में आधार नामांकन, संशोधन और बायोमेट्रिक अपडेट की सुविधा उपलब्ध है।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम उपयोग करते हुए शत-प्रतिशत पात्र बच्चों का आधार कार्ड बनाया जाए तथा समय पर उनका बायोमेट्रिक अपडेट भी सुनिश्चित कराया जाए। इसके साथ ही उन्होंने आधार संबंधी जागरूकता बढ़ाने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए।
बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि आधार से संबंधित किसी भी शिकायत या तकनीकी समस्या के समाधान के लिए नागरिक यूआईडीएआई की टोल फ्री हेल्पलाइन 1947 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा रोडवेज बस अड्डे के पास संचालित जनपद स्तरीय आधार सहायता केंद्र पर भी सहायता उपलब्ध है। आधार सहायता केंद्र के नोडल अधिकारी आशीष कुमार पाण्डेय हैं, जिनसे आवश्यकता पड़ने पर संपर्क किया जा सकता है।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, जिला सांख्यिकी अधिकारी संतपाल वर्मा, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सुधांशु शेखर शर्मा, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।




