Sonbhadra News : अमवार पेयजल योजना में सुस्ती पर डीएम सख्त, जून तक हर घर पानी पहुंचाने का अल्टीमेटम
दुद्धी क्षेत्र की महत्वाकांक्षी अमवार ग्राम समूह पेयजल योजना में धीमी प्रगति और अधूरी जलापूर्ति पर जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने सख्त रुख अपनाया है। गुरुवार को परियोजना का औचक निरीक्षण करने पहुंचे.......

अमवार पेयजल योजना का निरीक्षण करते जिलाधिकारी चर्चित गोंड....
sonbhadra
7:02 PM, May 15, 2026
राजा (संवाददाता)
• 250 मैनपावर लगाकर रोज 250 कनेक्शन देने के निर्देश, जलापूर्ति बाधित होने पर कार्रवाई की चेतावनी
अमवार । दुद्धी क्षेत्र की महत्वाकांक्षी अमवार ग्राम समूह पेयजल योजना में धीमी प्रगति और अधूरी जलापूर्ति पर जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने सख्त रुख अपनाया है। गुरुवार को परियोजना का औचक निरीक्षण करने पहुंचे जिलाधिकारी ने अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को फटकार लगाते हुए जून माह तक हर घर शुद्ध पेयजल पहुंचाने का अल्टीमेटम दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी गांव में पानी की आपूर्ति बाधित नहीं होनी चाहिए, अन्यथा जिम्मेदार अधिकारियों और एजेंसी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान परियोजना प्रबंधक ने जिलाधिकारी को बताया कि अमवार ग्राम समूह पेयजल योजना के तहत कनहर डैम से पानी उठाकर कुल 54 गांवों में पेयजल आपूर्ति की जानी है। वर्तमान में अमवार, बाघाडू, दिघुल, देवपुरा, टेड़ा और जामापानी सहित छह गांवों में नियमित जलापूर्ति शुरू कर दी गई है।
हालांकि निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ग्राम दिघुल के प्रधान से मोबाइल फोन पर सीधे बात कर जमीनी हकीकत जानी तो कई खामियां सामने आ गईं। प्रधान ने बताया कि गांव के लगभग 60 प्रतिशत घरों में अब तक पाइपलाइन कनेक्शन नहीं पहुंचा है और जहां कनेक्शन दिए भी गए हैं, वहां भी नियमित जलापूर्ति नहीं हो पा रही है। यह जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी ने नाराजगी जाहिर करते हुए अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि 250 मैनपावर लगाकर प्रतिदिन कम से कम 250 घरों में कनेक्शन देने का लक्ष्य तय किया जाए और जून माह तक सभी पात्र परिवारों तक पानी पहुंचना चाहिए। जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिया कि जहां पाइपलाइन क्षतिग्रस्त है वहां ऑपरेशन एंड मेंटेनेंस टीम तत्काल मरम्मत कर जलापूर्ति सुचारु कराए।
डीएम ने सख्त लहजे में कहा कि पाइपलाइन टूटने या लापरवाही के कारण यदि किसी गांव में पानी की आपूर्ति बाधित हुई तो संबंधित अधिकारियों और जिम्मेदार एजेंसी के खिलाफ तत्काल कार्रवाई होगी। उन्होंने सभी गांवों में हाउस कनेक्शन का कार्य युद्धस्तर पर कराने, प्रतिदिन जीओ टैगिंग के साथ प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने तथा रिपोर्ट न देने पर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।अमवार पेयजल योजना में सुस्ती पर डीएम सख्त, जून तक हर घर पानी पहुंचाने का अल्टीमेटम




