Sonbhadra News : सीएम डैशबोर्ड समीक्षा में डीएम सख्त, लापरवाह अधिकारियों पर कार्रवाई की चेतावनी
विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की धीमी प्रगति पर जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कड़ा रुख अपनाते हुए अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी दी है कि शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्यों को हर हाल में समय सीमा के....

कलेक्ट्रेट में सीएम डैश बोर्ड की बैठक करते डीएम चर्चित गोंड......
sonbhadra
7:08 PM, June 19, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की धीमी प्रगति पर जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कड़ा रुख अपनाते हुए अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी दी है कि शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्यों को हर हाल में समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए। कलेक्ट्रेट सभागार में नवीन व्यवस्था के तहत सीएम डैशबोर्ड के माध्यम से आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों की प्रगति की गहन समीक्षा करते हुए लापरवाही पर नाराजगी जाहिर की।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन विभागों को जो लक्ष्य आवंटित किए गए हैं, उन्हें शत-प्रतिशत निर्धारित अवधि में पूरा किया जाए। लक्ष्य पूर्ति में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
पीएम सूर्य घर योजना में बैंकों की भूमिका बढ़ाने के निर्देश -
पीएम सूर्य घर योजना की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने एलडीएम को निर्देशित किया कि योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को बैंकिंग सुविधाओं और सब्सिडी का लाभ समय पर उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि बैंक स्तर पर लंबित मामलों का तत्काल निस्तारण कर योजना के लक्ष्यों को शत-प्रतिशत पूरा कराया जाए।
युवा उद्यमियों को लोन देने में देरी पर जताई नाराजगी -
मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने उपायुक्त उद्योग एवं एलडीएम को निर्देश देते हुए कहा कि लाभार्थियों की लंबित पत्रावलियों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि स्वरोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा देने वाली योजनाओं में अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।
आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण में गुणवत्ता पर जोर -
आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता न रहे, बल्कि गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक हो। उन्होंने कहा कि जिन अधिकारियों के खिलाफ लगातार असंतोषजनक फीडबैक मिल रहे हैं, उनके विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
काम में तेजी लाएं, नहीं तो तय होगी जिम्मेदारी -
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि विकास कार्यों, लाभार्थीपरक योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की प्रगति में तेजी लाई जाए। यदि किसी विभाग की कार्यप्रणाली में लापरवाही पाई गई तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई के लिए शासन को पत्र भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता से जुड़े कार्यों में किसी भी स्तर पर शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।
ये रहे मौजूद -
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ0 रमेश कुमार मिश्रा, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी संतपाल वर्मा, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनंद पाण्डेय, जिला विद्यालय निरीक्षक जय राम सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह भदौरिया, डीसी मनरेगा रवीन्द्र वीर सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।




