Sonbhadra News : डीएम की अनूठी पहल! खुद पैदल पहुंचे कलेक्ट्रेट, बोले- ईंधन बचाना राष्ट्रधर्म
ऊर्जा संरक्षण, पेट्रोलियम बचत और पर्यावरण सुरक्षा को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के राष्ट्रव्यापी आह्वान को अब जिला प्रशासन भी जनअभियान का रूप देने में जुट गया है....

sonbhadra
6:03 PM, May 19, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । ऊर्जा संरक्षण, पेट्रोलियम बचत और पर्यावरण सुरक्षा को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के राष्ट्रव्यापी आह्वान को अब जिला प्रशासन भी जनअभियान का रूप देने में जुट गया है। इसी क्रम में मंगलवार को जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने एक अनूठी पहल करते हुए अपने आवास से पैदल चलकर कलेक्ट्रेट पहुंचकर अधिकारियों, कर्मचारियों और आमजन को ईंधन बचत का संदेश दिया।
पेट्रोलियम उत्पादों की बचत आज समय की सबसे बड़ी जरूरत - डीएम
जिलाधिकारी चर्चित गोंड ने कहा कि "राष्ट्रहित में किए गए छोटे-छोटे प्रयास भी बड़े बदलाव का आधार बनते हैं और पेट्रोलियम उत्पादों की बचत आज समय की सबसे बड़ी जरूरत बन चुकी है। उन्होंने जनपद के समस्त विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपील करते हुए कहा कि आपसी समन्वय स्थापित कर संयुक्त रूप से क्षेत्र भ्रमण, सम्पूर्ण समाधान दिवस, थाना दिवस, किसान दिवस एवं मासिक समीक्षा बैठकों में प्रतिभाग किया जाए, ताकि अनावश्यक ईंधन खपत को कम किया जा सके।"
सप्ताह में कम से कम दो दिन सार्वजनिक परिवहन का प्रयोग करें अधिकारी व कर्मचारी - डीएम
ऊर्जा संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश देते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों और कर्मचारियों से सप्ताह में कम से कम दो दिन सार्वजनिक परिवहन अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि ऐसे दिन निर्धारित किए जाएं, जब कार्यालय आने-जाने एवं अन्य कार्यों के लिए बस, ई-रिक्शा और अन्य सार्वजनिक वाहनों का प्रयोग किया जाए साथ ही विभागीय बैठकों को अधिक से अधिक ऑनलाइन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित करने पर भी बल दिया, जिससे समय, संसाधन और पेट्रोलियम की बचत सुनिश्चित हो सके।
कम करें ईंधन खर्च, बढ़ाएं सार्वजनिक परिवहन का उपयोग - डीएम
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि "पेट्रोलियम उत्पाद सीमित प्राकृतिक संसाधन हैं और इनके अत्यधिक उपयोग का सीधा असर पर्यावरण पर पड़ता है। उन्होंने लोगों से छोटी दूरी के लिए पैदल चलने, साइकिल का उपयोग करने और सार्वजनिक परिवहन को अपनाने की आदत विकसित करने की अपील की।उन्होंने कहा कि ईंधन बचत केवल आर्थिक मजबूती का विषय नहीं है, बल्कि यह पर्यावरण संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य से भी जुड़ा हुआ है।"




