Sonbhadra News : सीएम डैशबोर्ड पर डीएम का सख्त एक्शन, अधूरे आवासों पर जताई नाराजगी
जनपद में विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से धरातल पर उतारने को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी...........

AI जनरेटेड बैनर......
sonbhadra
8:03 PM, May 18, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । जनपद में विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से धरातल पर उतारने को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने नवीन व्यवस्था के तहत सीएम डैशबोर्ड के माध्यम से विभिन्न विभागों के विकास कार्यों एवं योजनाओं की गहन समीक्षा की। समीक्षा बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि शासन द्वारा निर्धारित सभी लक्ष्यों को तय समय सीमा के भीतर शत-प्रतिशत पूरा करना सुनिश्चित किया जाए।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने पीएम सूर्य घर योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को बैंक के माध्यम से सब्सिडी एवं अन्य सुविधाएं प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने एलडीएम को निर्देशित करते हुए कहा कि पीएम सूर्य घर योजना से जुड़े सभी लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोगों को योजना का लाभ मिल सके।
प्रधानमंत्री आवास योजना एवं मुख्यमंत्री आवास योजना की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने अधूरे आवासों को लेकर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने परियोजना निदेशक डीआरडीए को निर्देश देते हुए कहा कि जो आवास अभी तक अपूर्ण हैं, उन्हें तीव्र गति से पूर्ण कराया जाए। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने सैम और मैम बच्चों के चिन्हांकन एवं स्वास्थ्य परीक्षण के कार्य को भी प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देशित किया कि कुपोषित बच्चों की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।
मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने उपायुक्त उद्योग एवं एलडीएम को निर्देशित करते हुए कहा कि युवा लाभार्थियों की लंबित पत्रावलियों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए, ताकि युवाओं को स्वरोजगार के लिए शीघ्र ऋण सुविधा उपलब्ध हो सके।
बैठक में आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि शिकायतों का निस्तारण समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण तरीके से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जिन अधिकारियों द्वारा शिकायतों का संतोषजनक निस्तारण नहीं किया जाएगा और लगातार असंतोषजनक फीडबैक प्राप्त होगा, उनके विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने सभी अधिकारियों से कहा कि विकास कार्यों, लाभार्थीपरक योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की प्रगति में तेजी लाई जाए। उन्होंने साफ कहा कि कार्यों में लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करते हुए विभागीय कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों को पत्र भेजा जाएगा।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, जिला विकास अधिकारी हेमंत कुमार सिंह, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी संतपाल वर्मा, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनंद पांडेय, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सुधांशु शेखर शर्मा, जिला विद्यालय निरीक्षक जय राम सिंह, डीसी मनरेगा रविंद्र वीर सिंह, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह, परियोजना निदेशक डीआरडीए एस0के0 राय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।




