Sonbhadra News : आईजीआरएस शिकायतों पर डीएम का बड़ा एक्शन, लापरवाही पर कई अधिकारियों का वेतन रोका
जन शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही और असंतोषजनक कार्यप्रणाली पर अब प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित आईजीआरएस समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने शिकायतों........

बैठक करते डीएम चर्चित गोंड....
sonbhadra
8:20 PM, May 12, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
• जन शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पर सख्त हुए जिलाधिकारी चर्चित गौड़
सोनभद्र । जन शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही और असंतोषजनक कार्यप्रणाली पर अब प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित आईजीआरएस समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने शिकायतों के गुणवत्ता पूर्ण निस्तारण में लापरवाही पाए जाने पर कई विभागीय अधिकारियों के खिलाफ कड़ा कदम उठाते हुए वेतन रोकने के निर्देश जारी कर दिए। डीएम की इस कार्रवाई से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त जन शिकायतों की विभागवार समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान बड़ी संख्या में शिकायतों पर असंतुष्ट फीडबैक मिलने पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता जल निगम, अधिशासी अभियंता विद्युत, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी तथा समाज कल्याण विभाग के पांच एडीओ के वेतन भुगतान पर रोक लगाने के निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप जनता दर्शन, तहसील दिवस, थाना समाधान दिवस और आईजीआरएस पोर्टल पर आने वाली शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हर हाल में सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि वास्तविक समाधान दिखना चाहिए।
डीएम ने निर्देश दिए कि संबंधित अधिकारी मौके पर जाकर शिकायतकर्ता से सीधे संवाद करें, शिकायत का सत्यापन करें तथा कार्रवाई से जुड़े जीपीएस आधारित फोटोग्राफ भी पोर्टल पर अपलोड करें। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी प्रतिदिन आईजीआरएस पोर्टल लॉगिन कर लंबित शिकायतों की समीक्षा करें और अंतिम समय में निस्तारण दिखाने की प्रवृत्ति पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिन विभागों की शिकायतें लगातार असंतोषजनक मिलेंगी, उनके खिलाफ जवाबदेही तय की जाएगी।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, उप जिलाधिकारी सदर अश्वनी कुमार, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 पी0के0 राय, जिला विकास अधिकारी हेमंत कुमार सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी नमिता शरण सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।




