Sonbhadra News : मानसून से पूर्व डीएम का एक्शन, जलजमाव रोकने के लिए शुरू हुआ विशेष नाला सफाई अभियान
मानसून के आगमन से पूर्व नगर क्षेत्रों में संभावित जलजमाव और जल निकासी की समस्या से निपटने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारी शुरू कर दी है। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के निर्देश पर जनपद की नगर.......

AI जनरेटेड बैनर......
sonbhadra
3:01 PM, May 31, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । मानसून के आगमन से पूर्व नगर क्षेत्रों में संभावित जलजमाव और जल निकासी की समस्या से निपटने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारी शुरू कर दी है। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के निर्देश पर जनपद की नगर पालिका परिषद एवं सभी नगर पंचायत क्षेत्रों में विशेष नाला सफाई एवं स्वच्छता अभियान का शुभारंभ किया गया। एक सप्ताह तक चलने वाले इस अभियान के तहत प्रमुख नालों की सफाई, कूड़ा-कचरा हटाने तथा स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने का कार्य युद्धस्तर पर किया जाएगा।
जनपद में विशेष नाला सफाई एवं स्वच्छता अभियान प्रारंभ -
जिलाधिकारी के निर्देश के क्रम में जनपद की नगर पालिका परिषद एवं समस्त नगर पंचायत क्षेत्रों में आज विशेष नाला सफाई एवं स्वच्छता अभियान प्रारंभ किया गया। यह अभियान आगामी एक सप्ताह तक निरंतर संचालित किया जाएगा, जिसका उद्देश्य वर्षा ऋतु से पूर्व जल निकासी व्यवस्था को सुचारु बनाना तथा नगर क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर करना है।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुई निगरानी -
अभियान के प्रथम दिवस पर नाला सफाई कार्यों की समीक्षा एवं निगरानी अपर जिलाधिकारी बगीश कुमार शुक्ला द्वारा ऑनलाइन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से की गई। इस दौरान संबंधित अधिशासी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए अभियान को निर्धारित समय सीमा में प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने के लिए कहा गया कि नालों से निकाले गए कचरे का समयबद्ध निस्तारण कराया जाए तथा स्वच्छता मानकों का पूर्ण अनुपालन हो।
लापरवाही पर होगी कड़ी कार्रवाई - जिलाधिकारी
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने सभी अधिशासी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश जारी करते हुए कहा है कि नाला सफाई एवं स्वच्छता कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी नगर निकाय इस अभियान को सर्वोच्च प्राथमिकता पर संचालित करें। यदि किसी स्तर पर उदासीनता अथवा लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर एवं प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।




