Sonbhadra News : फ्लोराइड प्रभावित लोगों के बीच पहुँचे डीएम, जनचौपाल लगा सुनी समस्याएं
जिलाधिकारी बी0एन0 सिंह ने आज फ्लोराइड से प्रभावित क्षेत्र पड़रछ का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने दर्जनों घरों में स्वयं जाकर फ्लोराइड से प्रभावित ग्रामीण लोगों से वार्ता कर स्थिति का जायजा.

पड़रछ गाँव में लोगों की समस्याएं सुनते डीएम बी0एन0सिंह, सीएमओ डॉ0 अश्वनी कुमार व अन्य
sonbhadra
10:09 PM, March 2, 2025
पी0के0विश्वकर्मा (संवाददाता)
• पड़रछ गांव में टैंकर से शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने हेतु जल निगम को डीएम ने दिया निर्देश
• जिलाधिकारी ने फ्लोराइड युक्त पानी से प्रभावित लोगों के घर-घर जाकर स्थिति का लिया जायजा
• नल से जल योजना के तहत जल्द से जल्द चालू कर गांव में शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के दिया निर्देश
सोनभद्र । जिलाधिकारी बी0एन0 सिंह ने आज फ्लोराइड से प्रभावित क्षेत्र पड़रछ का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने दर्जनों घरों में स्वयं जाकर फ्लोराइड से प्रभावित ग्रामीण लोगों से वार्ता कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने जल निगम के अधिशासी अभियन्ता को निर्देशित किया कि प्रथम दृष्टया प्राथमिकता के आधार पर यहां के नदियों में भी फ्लोराइड की जॉच कराते हुए स्थिति को स्पष्ट किया जाये और जल्द से जल्द यहां हर घर नल से जल परियोजना सक्रिय/चालू कराते हुए ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जाये। उन्होंने कहा कि जब तक हर घर नल से जल परियोजना को पूरा होने में समय लगे, तब तक गांवों में टैंकर के माध्यम से लोगों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाये।
इस दौरान जिलाधिकारी ने जन चौपाल लगाकर लोगों की बारी-बारी से उनकी समस्या को सरल भाव से सुना और सम्बन्धित को समाधान के लिए निर्देशित किया गया। उन्होंने कहा कि जिन घरों में नल से जल योजना के तहत पानी आ रहा है, उन ग्रामीणों को कैम्प लगाकर जागरूक किया जाये कि यह लगाये गये टोटी से निकलने वाला पानी स्वच्छ है और पीने हेतु टोटी के जल का ही प्रयोग किया जाये।
उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देशित किया कि गांव में कैम्प लगाकर फ्लोराइड से प्रभावित लोगोे को दवा इलाज किया जाये, जिससे उनका स्वास्थ्य बेहतर बना रहें। इस दौरान जिलाधिकारी ने पडरछ गांव के पटेल नगर के शिवदास शर्मा पुत्र स्व0 केशर शर्मा के हैण्डपम्प से पानी से समस्त ग्रामवासियों के बीच जल जॉच के सभी पैरामीटर का जॉच किया गया।




