Sonbhadra News : निर्माणाधीन साइबर थाना भवन का मंडलायुक्त ने किया निरीक्षण, गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा करने के निर्देश
विंध्याचल मंडल के मंडलायुक्त राजेश प्रकाश ने शनिवार को रॉबर्ट्सगंज स्थित निर्माणाधीन साइबर थाना भवन का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने.......

निर्माणधीन साइबर थाना भवन का निरीक्षण करते मंडलायुक्त राजेश प्रकाश.....
sonbhadra
11:00 PM, July 11, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
• ₹3.10 करोड़ की लागत से बन रहा दो मंजिला भवन, 65 फीसदी कार्य पूरा
सोनभद्र । विंध्याचल मंडल के मंडलायुक्त राजेश प्रकाश ने शनिवार को रॉबर्ट्सगंज स्थित निर्माणाधीन साइबर थाना भवन का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मंडलायुक्त को बताया कि करीब 3.10 करोड़ रुपये (₹310.80 लाख) की लागत से तैयार हो रहे दो मंजिला साइबर थाना भवन का लगभग 65 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। भवन का मुख्य स्ट्रक्चर तैयार हो गया है, जबकि प्लास्टर और फर्श (कोबा) का कार्य तेजी से चल रहा है। इसके अलावा पम्प हाउस का निर्माण जारी है, बोरिंग का कार्य पूर्ण हो चुका है तथा चाहरदीवारी और मुख्य गेट का अधिकांश कार्य भी संपन्न हो चुका है।
मंडलायुक्त ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता का निरीक्षण करते हुए शेष कार्यों में तेजी लाने, नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने और निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप निर्माण पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी स्तर पर गुणवत्ता से समझौता नहीं होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि साइबर थाना भवन के तैयार होने के बाद साइबर अपराधों की जांच, डिजिटल साक्ष्यों के संरक्षण और तकनीकी पुलिसिंग को मजबूती मिलेगी, जिससे आम जनता को बेहतर और आधुनिक पुलिस सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।




