Sonbhadra news : मंडलायुक्त व आई जी ने मुख्यमंत्री के होने वाले सभास्थल का किया निरीक्षण
पंचायत चोपन स्थित रेलवे ग्राउंड में होने वाले कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन को लेकर प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है।

sonbhadra
5:47 PM, November 11, 2025
घनश्याम पांडेय (संवाददाता)
- चोपन में 15 नवंबर को होने वाले जनजातीय गौरव दिवस एवं बिरसा मुंडा जयंती पर मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर तैयारियाँ तेज
चोपन/सोनभद्र। आगामी 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस एवं भगवान बिरसा मुंडा जयंती के अवसर पर नगर पंचायत चोपन स्थित रेलवे ग्राउंड में होने वाले कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन को लेकर प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है। तैयारियों की समीक्षा करने के उद्देश्य से आज मिर्जापुर मंडलायुक्त राकेश प्रकाश एवं आईजी आर.पी. सिंह ने कार्यक्रम स्थल एवं हेलीपैड का गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त राकेश प्रकाश ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा, पार्किंग, जनसुविधाओं एवं व्यवस्थाओं को समय रहते पूर्ण कर लिया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि भीड़ प्रबंधन, पंडाल व्यवस्था, पीने के पानी और चिकित्सा सहायता जैसी सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ हर स्थिति में मानक के अनुरूप रहनी चाहिए। वहीं आईजी आर.पी. सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री के आगमन एवं आम जनता की भीड़ को देखते हुए चोपन नगर में सुरक्षा घेरा मजबूत किया जाए तथा कार्यक्रम दिवस पर किसी भी प्रकार की चूक न हो। आईजी ने हेलीपैड की सुरक्षा, रूट डायवर्जन और ट्रैफिक प्लान को भी समय से लागू करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी बद्रीनाथ सिंह, मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, अपर पुलिस अधीक्षक अनिल सिंह,उप जिलाधिकारी विवेक सिंह सहित पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री के आगमन को सफल और भव्य बनाने के लिए नगर पंचायत सहित अन्य विभागों के अधिकारी कर्मचारी,जिला प्रशासन और पुलिस विभाग संयुक्त रूप से युद्धस्तर पर तैयारियों में जुटा हुआ है। इस मौके पर भाजपा नेता राजा मिश्रा, नगर पंचायत अध्यक्ष उस्मान अली,जुगैल जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि संजीव तिवारी, अधिशासी अधिकारी मधुसूदन जायसवाल,सुनील सिंह,सत्य प्रकाश तिवारी, राजन जायसवाल,संजय केशरी, लवकुश भारती, लिपिक अंकित पाण्डेय आदि मौजूद रहे|




