Sonbhadra News : जिलाधिकारी के श्रमदान ने खोली नगर पालिका के स्वच्छता की पोल, 1000 किलो प्लास्टिक मिले
जिलाधिकारी चर्चित गौड़, सीडीओ जागृति अवस्थी और डीपीआरओ नमिता शरण ने 45 मिनट श्रमदान करने के बाद मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्र को साफ कर दिया।

sonbhadra
10:41 PM, September 21, 2026
शांतनु कुमार/प्रकाश खत्री
सोनभद्र । स्वच्छता को लेकर सोमवार को जिलाधिकारी व उनकी टीम पंचमुखी महादेव मन्दिर में श्रमदान करने पहुंची तो उन्हें भी शायद यह अंदाजा नहीं रहा होगा कि मन्दिर जैसे पवित्र क्षेत्र में लगभग 1000 किलो प्लास्टिक मिलेगा । जिलाधिकारी चर्चित गौड़, सीडीओ जागृति अवस्थी और डीपीआरओ नमिता शरण ने 45 मिनट श्रमदान करने के बाद मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्र को साफ कर दिया।
बाद मे में एकत्रित प्लास्टिक को मौके पर ही कबाड़ी को बेच दिया गया और प्राप्त ₹2,500 की धनराशि को मंदिर के रख-रखाव एवं व्यवस्थाओं के लिए मंदिर में ही दान कर दिया गया। स्वच्छता व्यवस्था को स्थायी रूप से बनाए रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर में दो डस्टबिन भी स्थापित कराए गए, ताकि श्रद्धालुओं एवं आमजन द्वारा कूड़े का उचित निस्तारण किया जा सके ।
जिलाधिकारी व उनकी टीम के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भी श्रमदान किया। लेकिन इस श्रमदान ने नगर पालिका के स्वच्छता अभियान की कलई खोल कर रख दी। मन्दिर परिसर और आसपास के क्षेत्र से लगभग 1000 किलो प्लास्टिक बरामद होना इस बात का साफ संकेत है कि महादेव के दरबार में लम्बे समय से सफाई नहीं हुआ। जबकि नगर पालिका क्षेत्र में हर दिन सफाई कर्मी और गाड़ी निकलती है।
हालांकि इस अवसर पर जिलाधिकारी चर्चित गोंड ने कहा कि धार्मिक एवं सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें प्रत्येक नागरिक की सक्रिय सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने आमजन से अपील की कि प्लास्टिक एवं सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग कम करें, कूड़ा निर्धारित स्थान पर ही डालें तथा अपने आसपास के सार्वजनिक एवं धार्मिक स्थलों को स्वच्छ बनाए रखने में सक्रिय योगदान दें।
ऐसे में बड़ा सवाल यह है कि जहाँ एक तरफ जिलाधिकारी पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए तमाम उपाय कर रहे हैं वहीँ मन्दिर जैसे धार्मिक स्थलों पर यदि गंदगी बिखरा रहा तो पर्यटकों के सामने क्या छवि बनेगी।




