Sonbhadra News : जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त करने मैदान में उतरे जिलाधिकारी, 10 दिन में सफाई पूरी करने के निर्देश
इमरती कॉलोनी में वर्षों से बनी जलभराव की गंभीर समस्या को लेकर जिलाधिकारी चर्चित गौड़ अब पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। आज जिलाधिकारी ने वाराणसी-शक्तिनगर राज्य मार्ग पर नगर पालिका क्षेत्र में....

sonbhadra
5:48 PM, May 13, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
• इमरती कॉलोनी के जलभराव पर डीएम का सख्त निर्देश, नाले की सफाई में लापरवाही पर होगी पेनाल्टी
सोनभद्र । इमरती कॉलोनी में वर्षों से बनी जलभराव की गंभीर समस्या को लेकर जिलाधिकारी चर्चित गौड़ अब पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। आज जिलाधिकारी ने वाराणसी-शक्तिनगर राज्य मार्ग पर नगर पालिका क्षेत्र में बने नाले का औचक निरीक्षण कर जलनिकासी व्यवस्था का जायजा लिया और अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्माण एजेंसी एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि लगभग दो किलोमीटर लंबे नाले की सफाई युद्धस्तर पर कराई जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि सफाई कार्य के लिए कम से कम पांच टीमें लगाई जाएं और 10 दिनों के भीतर नाले की पूरी सफाई सुनिश्चित की जाए।
डीएम ने कहा कि नाले की सफाई कार्य की प्रतिदिन जियो टैग फोटो उपलब्ध कराई जाए, जिससे कार्य की नियमित मॉनिटरिंग की जा सके। उन्होंने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद मुकेश कुमार को भी नगर पालिका की टीमों को अभियान में लगाने तथा लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने चेतावनी देते हुए कहा कि सफाई कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि कार्य में लापरवाही पाई गई तो संबंधित अधिकारियों एवं एजेंसी के खिलाफ पेनाल्टी की कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने इमरती कॉलोनी के पास जलभराव की स्थायी समस्या के समाधान के लिए चल रहे सर्वे कार्य की प्रगति भी जानी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सर्वे कार्य शीघ्र पूरा कर प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाए ताकि आगामी बारिश में लोगों को जलभराव की समस्या से राहत मिल सके।
इस दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी, निर्माण एजेंसी के अधिशासी अभियंता एवं अन्य कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे।




