Sonbhadra News : जिलाधिकारी ने इस विद्यालय में बच्चों के साथ मनाया अपना जन्मदिन
मंगलवार को जिलाधिकारी चर्चित गौड़ कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय पहुंचकर छात्राओं के बीच अपना जन्मदिवस मनाया। इस अवसर पर प्रभागीय वनाधिकारी, कैमूर वन्यजीव प्रभाग, मिर्जापुर भी उपस्थित रही।

sonbhadra
7:33 PM, August 18, 2026
- बच्चों के जिलाधिकारी को कहा हैप्पी बर्थडे
- जिलाधिकारी ने बच्चों के साथ काटा जन्मदिन का केक
- विशेष अवसरों की खुशियां बच्चों के साथ साझा करने के लिए अधिकारियों को किया प्रेरित
- स्मार्ट क्लास एवं डिजिटल शिक्षा का लिया जायजा
शांतनु कुमार
सोनभद्र । Gen-Z के बाद अब Gen-Alfa ने न सिर्फ सरकार की बल्कि प्रशासन की नींद उड़ा रखी है। Gen-Z और Gen-Alfa के कई आंदोलनों के बाद न सिर्फ राजनीति बदली है बल्कि अधिकारियों की कार्यशैली में भी बदलाव दिखने लगा है। मुख्यमंत्री ने स्वमं अधिकारियों से कहा है कि वे छात्रों से संवाद करें। इसी क्रम में मंगलवार को जिलाधिकारी चर्चित गौड़ कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय पहुंचकर छात्राओं के बीच अपना जन्मदिवस मनाया। इस अवसर पर प्रभागीय वनाधिकारी, कैमूर वन्यजीव प्रभाग, मिर्जापुर आरुषि मिश्रा भी उपस्थित रहीं। जिलाधिकारी ने छात्राओं के साथ केक काटकर जन्मदिवस की खुशियां साझा की तथा उनके साथ भोजन भी किया। जिलाधिकारी ने छात्राओं से आत्मीय संवाद करते हुए उनकी पढ़ाई, रुचियों एवं भविष्य के लक्ष्यों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने छात्राओं से पूछा कि वे भविष्य में क्या बनना चाहती हैं और समाज एवं देश के विकास में किस प्रकार अपना योगदान देना चाहती हैं। छात्राओं ने विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ने एवं अपने निर्धारित लक्ष्य प्राप्त करने की इच्छा व्यक्त की। जिलाधिकारी ने इस अवसर पर जनपद के अधिकारियों को भी प्रेरित करते हुए कहा कि जीवन के विशेष एवं खुशी के अवसरों को विद्यालयों, आश्रम पद्धति विद्यालयों एवं अन्य बाल संस्थानों में जाकर बच्चों के साथ साझा किया जाए।
उन्होंने कहा कि अधिकारियों द्वारा बच्चों के बीच जाकर उनके साथ समय बिताने, संवाद करने और खुशियां साझा करने से बच्चों में अपनत्व, आत्मविश्वास एवं सकारात्मक भावनाओं का विकास होगा। जिलाधिकारी ने विद्यालय में स्मार्ट क्लास एवं डिजिटल माध्यम से छात्राओं को दी जा रही शिक्षा का जायजा लिया। उन्होंने डिजिटल संसाधनों के उपयोग, शिक्षण प्रक्रिया एवं छात्राओं की सहभागिता के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक के माध्यम से शिक्षा को और अधिक रोचक एवं प्रभावी बनाया जा सकता है। छात्राओं को डिजिटल शिक्षा का अधिकतम लाभ उपलब्ध कराया जाए। जिलाधिकारी ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि विद्यालय में आने-जाने के मार्ग, छात्राओं के पठन-पाठन तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं से संबंधित जो भी आवश्यकताएं हैं, उनका तत्काल आकलन कर प्रस्ताव/मांग पत्र प्रस्तुत किया जाए। उन्होंने कहा कि छात्राओं को बेहतर शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक सभी सुविधाएं प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराई जाएं। जिलाधिकारी ने विद्यालय प्रशासन को निर्देशित किया कि छात्राओं को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की गुणवत्ता, पौष्टिकता एवं स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने छात्राओं से भोजन के संबंध में फीडबैक भी लिया। इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनंद पांडेय, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी रॉबर्ट्सगंज महेंद्र मौर्य सहित विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।




