Sonbhadra News : कलश के साथ शोभायात्रा में उमड़े श्रद्धालु
महुली में तीन दिवसीय मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा प्रारम्भ

सोनभद्र
6:31 PM, February 24, 2025
धर्मेन्द्र गुप्ता (संवाददाता)
विंढमगंज (सोनभद्र)। दुद्धी विकास खंड के महुली कस्बा स्थित महुअरिया टोला में प्राचीन बरगद के पेड़ के नीचे नवनिर्मित मंदिर में तीन दिवसीय मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम सोमवार को प्रारंभ हो गया। इसके पहले श्रद्धालुओं ने कस्बा सहित रीवां रांची राजमार्ग पर लगभग साढ़े चार किलोमीटर की दूरी तय कर कनहर एवं ठेमा नदी के संगम मुहाने से कलश में जल भरा और भव्य शोभायात्रा निकाली।
प्राण प्रतिष्ठा आयोजन के अध्यक्ष एवं प्रमुख यजमान ग्राम प्रधान अरविंद जायसवाल ने पहले दिन सपत्नीक बेदी पूजन किया और देव मूर्तियों को जलाधिवास कराया। आचार्य पंडित तेजभान त्रिपाठी एवं सह आचार्य पंडित अमन शास्त्री ने वैदिक मंत्रों के साथ देवी देवताओं का आह्वान और विधि विधान से स्थापना की।
इस मौके पर पंडित विवेकानंद जी महाराज, राजेश शर्मा, जोगेन्द्र सिंह, चंद्रप्रकाश प्रजापति, भगवान दास कन्नौजिया, विनोद कन्नौजिया, यशवंत शर्मा, शिवदास शर्मा, सतेन्द्र कन्नौजिया, महेन्द्र जायसवाल सहित सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।




