Sonbhadra News : कोल इंडिया में मनाया गया मांग दिवस, 12वें वेतन समझौते एवं JBCCI-XII के गठन की मांग तेज
30 जून को 11वें राष्ट्रीय कोयला वेतन समझौते की अवधि समाप्त होने के बाद 1 जुलाई से 12वां राष्ट्रीय कोयला वेतन समझौता प्रभावी होना है। किंतु अब तक वेतन वार्ता प्रारंभ न किए जाने से श्रमिकों में नाराजगी

sonbhadra
10:05 PM, July 1, 2026
संजय भारती (संवाददाता)
शक्ति नगर (सोनभद्र) । 30 जून 2026 को 11वें राष्ट्रीय कोयला वेतन समझौते (NCWA-XI) की अवधि समाप्त होने के उपरांत 1 जुलाई 2026 से 12वां राष्ट्रीय कोयला वेतन समझौता (NCWA-XII) प्रभावी होना है। किंतु अब तक JBCCI-XII का गठन नहीं होने तथा वेतन वार्ता प्रारंभ न किए जाने से पूरे देश के कोयला श्रमिकों में गहरा असंतोष व्याप्त है।
गत दिनों कोलकाता स्थित कोल इंडिया मुख्यालय में आयोजित एपेक्स जेसीसी (Apex JCC) की बैठक में प्रबंधन द्वारा मुख्य रूप से लेबर कोड पर चर्चा का एजेंडा रखा गया। बैठक में केंद्रीय ट्रेड यूनियनों के प्रतिनिधियों ने एक स्वर में स्पष्ट किया कि लेबर कोड पर चर्चा से पहले 12वें राष्ट्रीय कोयला वेतन समझौते हेतु JBCCI-XII का तत्काल गठन कर वेतन वार्ता प्रारंभ की जाए। इसी बैठक के उपरांत सभी केंद्रीय श्रमिक संगठनों ने संयुक्त रूप से निर्णय लिया कि 1 जुलाई 2026 को पूरे कोल इंडिया एवं उसकी सभी अनुषंगी कंपनियों में "मांग दिवस" मनाया जाएगा।
इसी निर्णय के अनुरूप आज नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) की सभी परियोजनाओं सहित बीना परियोजना में AICWF-CITU के नेतृत्व में मांग दिवस मनाया गया। गेट मीटिंग आयोजित कर कर्मचारियों को 12वें वेतन समझौते की प्रमुख मांगों से अवगत कराया गया तथा एकजुट होकर शीघ्र वेतन समझौता लागू करने का आह्वान किया गया।
गेट मीटिंग को संबोधित करते हुए AICWF-CITU, एनसीएल जोन के अध्यक्ष श्री प्रकाश पटेल ने कहा कि आज 1 जुलाई से 12वां राष्ट्रीय कोयला वेतन समझौता लागू होना चाहिए था, लेकिन आज तक JBCCI-XII का गठन भी नहीं हो पाया है। उन्होंने कहा कि कोल इंडिया की बढ़ती उत्पादन क्षमता और रिकॉर्ड मुनाफे में कोयला श्रमिकों का सबसे बड़ा योगदान है। इसलिए श्रमिकों को सम्मानजनक वेतन, बेहतर सामाजिक सुरक्षा और न्यायोचित सुविधाएं मिलना उनका अधिकार है।
उन्होंने कर्मचारियों को प्रस्तावित NCWA-XII की प्रमुख मांगों—MGB में वृद्धि, 5 प्रतिशत वार्षिक वेतन वृद्धि, भूमिगत भत्ते में बढ़ोतरी, HRA में संशोधन, चिकित्सा एवं सामाजिक सुरक्षा को सुदृढ़ करना, लाभ में श्रमिकों की भागीदारी तथा ठेका श्रमिकों के नियमितीकरण सहित अन्य मांगों की विस्तार से जानकारी दी और सभी कर्मचारियों से संघर्ष के लिए एकजुट रहने का आह्वान किया।
बीना शाखा अध्यक्ष श्री मनोज शर्मा ने कहा कि अब वेतन समझौते में किसी भी प्रकार की देरी स्वीकार नहीं की जाएगी तथा केंद्र सरकार, कोयला मंत्रालय एवं कोल इंडिया प्रबंधन को तत्काल JBCCI-XII का गठन कर समयबद्ध वेतन समझौता करना चाहिए।
शाखा सचिव श्री सत्य प्रकाश ने कहा कि श्रमिकों की एकता ही उनकी सबसे बड़ी शक्ति है और सभी कर्मचारियों को संगठन के नेतृत्व में लोकतांत्रिक एवं संगठित संघर्ष को और मजबूत करना होगा।
आज सायं 5:00 बजे एनसीएल की सभी परियोजनाओं में महाप्रबंधक कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन, नारेबाजी एवं गेट मीटिंग आयोजित की जाएगी। इसके उपरांत महाप्रबंधक के माध्यम से भारत सरकार, कोयला मंत्रालय एवं कोल इंडिया प्रबंधन के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा, जिसमें JBCCI-XII के तत्काल गठन एवं 12वें राष्ट्रीय कोयला वेतन समझौते को शीघ्र लागू करने की मांग की जाएगी।
AICWF-CITU ने सभी कोयला श्रमिकों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर मांग दिवस कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया है।




