Sonbhadra news : संदिग्ध परिस्थितियों में आदिवासी युवक की मौत, हत्या की आशंका
झोपड़ी के पास सड़क किनारे युवक का शव मिला। आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या कर शव को वहां फेंक दिया गया।

sonbhadra
6:39 AM, April 29, 2026
रविंद नाथ पाठक (संवाददाता)
जुगैल सोनभद्र । जुगैल थाना क्षेत्र के ग्राम कुडारी में एक आदिवासी युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान बल्लू कोल (26 वर्ष), पुत्र पिआरे कोल के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, महेंद्र कोल की झोपड़ी के पास सड़क किनारे युवक का शव मिला। आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या कर शव को वहां फेंक दिया गया। घटना सोमवार रात लगभग 11 बजे की बताई जा रही है।
सूचना मिलते ही पीआरबी 112, जुगैल थाना प्रभारी शिव प्रताप वर्मा तथा ओबरा क्षेत्राधिकारी अमित कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्रारंभिक जांच में मृतक के सिर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं। आशंका है कि हत्या किसी धारदार हथियार, संभवतः कुल्हाड़ी से की गई है। घटनास्थल के पास खून के निशान भी मिले हैं।
पुलिस के अनुसार, मृतक के परिजनों से पूछताछ में अब तक किसी आपसी रंजिश की जानकारी नहीं मिली है। हालांकि, घटना स्थल के पास रहने वाले कुछ लोग मौके से फरार बताए जा रहे हैं, जिनसे पूछताछ की जा रही है।
क्षेत्राधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।



