Sonbhadra News : संदिग्ध परिस्थिति में रेणुका नदी में मिला युवक का शव
रेणुका नदी किनारे रविवार सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पीआरबी 5286 के माध्यम से मिलने पर ओबरा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

sonbhadra
6:21 PM, February 8, 2026
घनश्याम पांडे (संवाददाता)
ओबरा (सोनभद्र) । थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत पनारी टोला कड़िया के पास रेणुका नदी किनारे रविवार सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पीआरबी 5286 के माध्यम से मिलने पर ओबरा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस जांच में मृतक की पहचान मनोज साहनी (36) पुत्र पृथ्वीराज साहनी निवासी मालवीय नगर, थाना ओबरा के रूप में हुई। बताया गया कि मनोज जन्म से दोनों पैरों से दिव्यांग और अविवाहित थे तथा प्रतिदिन नाव से नदी में जाल डालकर मछली पकड़ने का काम करता था ।
जानकारी के मुताबिक बीते शनिवार सुबह वह घर से मछली पकड़ने के लिए रेणुका नदी गया था। रविवार सुबह करीब 8 बजे मालवीय नगर निवासी सुनील कुमार ने उनका शव नदी किनारे पानी में देखा और डायल 112 को सूचना दी। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मौत का कारण पानी में डूबना प्रतीत हो रहा है। शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा सहित अन्य विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।




