Sonbhadra news : संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला युवक का शव
युवक का शव घर की छत के बाहरी बरामदे में फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।

sonbhadra
10:58 AM, October 11, 2026
एम शर्मा (संवाददाता)
डाला (सोनभद्र)। चोपन थाना क्षेत्र के कोटा ग्राम पंचायत अंतर्गत पतगड़ी टोला में शनिवार की देर रात एक युवक का शव घर की छत के बाहरी बरामदे में फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पतगड़ी टोला निवासी राजेश कुमार गोंड (30 वर्ष), पुत्र सिंह लाल गोंड का शव शनिवार देर रात करीब 2:15 बजे घर के बाहरी बरामदे में सरिया से बने हुक के सहारे पीले गमछे से लटका मिला। घटना की जानकारी मृतक के पिता सिंह लाल गोंड (57 वर्ष) ने डायल 112 और चोपन थाना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए लोढ़ी स्थित जिला अस्पताल भेज दिया। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, पुलिस इसकी जांच कर रही है।




