Sonbhadra News : झाड़ियों में मिला अज्ञात युवक का शव
स्थानीय थाना क्षेत्र के बघबनवा इलाके में झाड़ियों के बीच एक अज्ञात युवक का शव मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई ।

sonbhadra
4:08 PM, May 7, 2026
घनश्याम पांडेय (संवाददाता)
ओबरा (सोनभद्र) । स्थानीय थाना क्षेत्र के बघबनवा इलाके में झाड़ियों के बीच एक अज्ञात युवक का शव मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई और इलाके में दहशत का माहौल बन गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार गुरुवार को बघबनवा क्षेत्र में लोगों को तेज दुर्गंध महसूस हुई। दुर्गंध लगातार आने पर स्थानीय लोगों को किसी अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद कुछ लोगों ने आसपास तलाश शुरू की तो रेलवे क्रॉसिंग पार झाड़ियों के बीच एक युवक का शव पड़ा दिखाई दिया। शव की हालत देखकर लोगों में हड़कंप मच गया और तत्काल इसकी सूचना ओबरा थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही ओबरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने मौके से आवश्यक वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए और आसपास के क्षेत्र की बारीकी से जांच की। पुलिस की प्रारंभिक जांच में शव करीब चार से पांच दिन पुराना बताया जा रहा है। लंबे समय तक झाड़ियों में पड़े रहने के कारण शव की स्थिति काफी खराब हो चुकी थी, जिससे युवक की पहचान कराने में कठिनाई सामने आ रही है। पुलिस आसपास के गांवों और थानों से गुमशुदगी की जानकारी भी जुटा रही है ताकि मृतक की शिनाख्त की जा सके। घटना के बाद पूरे इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। स्थानीय लोग हत्या की आशंका भी जता रहे हैं, हालांकि पुलिस फिलहाल हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट आने का इंतजार किया जा रहा है। ओबरा थाना पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।




