Sonbhadra News : पुलिया के नीचे मिला युवक का शव, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा मौत के कारण का खुलासा
घोरावल कोतवाली क्षेत्र के महुआव पांडेय गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

sonbhadra
5:42 PM, July 27, 2026
राजकुमार गुप्ता (संवाददाता)
घोरावल (सोनभद्र) । स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के महुआव पांडेय गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक बृजेश सिंह ने बताया कि सोमवार सुबह गांव की एक महिला ने पुलिया के नीचे युवक का शव देखा। इसके बाद गांव में हड़कंप मच गया और पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल के दौरान शव की पहचान महुआव पांडेय निवासी प्रभु (36 वर्ष) के रूप में की।
पुलिस के अनुसार, जिस पुलिया के नीचे शव मिला, वह प्रभु के घर से करीब 50 मीटर की दूरी पर स्थित है। परिजनों ने बताया कि प्रभु पिछले तीन-चार दिनों से सीने में दर्द की शिकायत के चलते दवा ले रहा था। रविवार रात करीब 11 बजे वह घर से निकलकर पुलिया की ओर गया था, लेकिन वापस नहीं लौटा। रातभर परिजनों ने उसकी तलाश की, मगर कोई सुराग नहीं मिला।
सोमवार सुबह पुलिया के नीचे उसका शव मिलने के बाद पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया। घटनास्थल पर कुछ पत्थर भी पड़े मिले हैं। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि प्रथम दृष्टया शव पर बाहरी तौर पर गंभीर चोट के निशान नहीं पाए गए हैं।
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।




