Sonbhadra News : जामुन के पेड़ पर फंदे से लटकता मिला युवक का शव, परिवार में मचा कोहराम
राहुल की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनके पीछे दो बेटियां और महज डेढ़ साल का एक बेटा है।

sonbhadra
3:41 PM, October 14, 2026
घनश्याम पांडे/शिवपूजन अग्रहरि संवाददाता)
जुगैल (सोनभद्र) । जुगैल थाना क्षेत्र के खरहरा गांव के टोला झरिया में बुधवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक 25 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में जामुन के पेड़ पर फंदे से लटकता मिला। मृतक की पहचान राहुल कुमार के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक का माहौल छा गया।
मिली जानकारी के अनुसार, राहुल कुमार बिजली विभाग के चतरवार उपकेंद्र पर संविदाकर्मी के रूप में पर कार्यरत था। परिजनों के मुताबिक, वह लंबे समय से बीमारी से जूझ रहा था। हालांकि, उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इस बारे में अभी तक कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
राहुल की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनके पीछे दो बेटियां और महज डेढ़ साल का एक बेटा है। कम उम्र में पिता का साया सिर से उठ जाने से बच्चों के भविष्य को लेकर भी परिवार के सामने गंभीर चिंता खड़ी हो गई है। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना मिलने पर जुगैल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव के संबंध में पंचायतनामा की कार्रवाई शुरू करते हुए मौत के कारणों की जांच शुरू कर दी है।




