Sonbhadra news : वैष्णो मंदिर के पास रेलवे ट्रैक पर मिले अधेड़ के शव की हुई पहचान, खदान में करता था मजदूरी
डाला बाड़ी स्थित वैष्णो माता मंदिर के पास रेलवे ट्रैक पर शनिवार देर रात क्षत-विक्षत अवस्था में मिले अधेड़ के शव की पहचान हो गई है।

AI जेनरेटेड फोटो
sonbhadra
7:10 PM, November 1, 2026
एम शर्मा (संवाददाता)
डाला (सोनभद्र)। डाला बाड़ी स्थित वैष्णो माता मंदिर के पास रेलवे ट्रैक पर शनिवार देर रात क्षत-विक्षत अवस्था में मिले अधेड़ के शव की पहचान हो गई है। मृतक की पहचान सिकंदर पुत्र सुखारी बैठा (50 वर्ष), निवासी ग्राम पुत्तूर हरिया, थाना धुरकी, जनपद गढ़वा (झारखंड) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार सिकंदर डाला क्षेत्र की एक पत्थर खदान में मजदूरी करता था। करवा चौथ पर छुट्टी लेकर वह अपने गांव गया था और शनिवार को वापस काम पर लौटा था। देर शाम अचानक लापता होने के बाद उसकी तलाश की जा रही थी।
इसी दौरान मां वैष्णो मंदिर के सामने बने सार्वजनिक शौचालय के पास उसकी बाइक खड़ी मिली। कुछ समय बाद रेलवे ट्रैक पर उसका क्षत-विक्षत शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।
फिलहाल मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। यह हादसा है, आत्महत्या या इसके पीछे कोई अन्य कारण, इसका पता पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही चल सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।




