Sonbhadra news : जंगल के किनारे पेड़ से लटकता मिला आदमी का शव
घर से दो सौ मीटर दूर जंगल के किनारे नायलान की रस्सी के सहारे पेड़ से लटकता हुआ शव मिला।

sonbhadra
8:13 PM, October 9, 2025
राजेश कुमार (संवाददाता)
बभनी। थाना क्षेत्र के बरवाटोला गांव में वृहस्पतिवार को एक व्यक्ति का घर से दो सौ मीटर दूर जंगल के किनारे नायलान की रस्सी के सहारे पेड़ से लटकता हुआ शव मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भिजवा दिया।
जानकारी के अनुसार रामधनी 35 पुत्र जीतराज गोंड निवासी बरवाटोला का शव घर से दो सौ मीटर दूर जंगल के किनारे पेड़ से लटकता हुआ मिला। परिजनों के मुताबिक दोपहर में खाना खाने के बाद वह घर से निकला था।जब वह काफी देर तक घर वापस नहीं लौटा तो लोगों ने खोजना शुरू किया। करीब पांच से उसका दिमागी हालत भी ठीक नहीं था जिसके वजह से लोगों को और चिंता सता रही थी। लोग खोजते हुए जब जंगल की ओर बढ़े तो कुछ दूर एक पेड़ पर आदमी लटकता हुआ दिखाई दिया। नजदीक जाकर देखा तो रामधनी का शव लटक रहा था।जब घटना की खबर पत्नी और मां को लगी तो दोनों दहाड़ मारकर रोने लगी। मां नन्हकी देवी और पत्नी सुनीता का रो रो कर बुरा हाल हो गया है।घटना की सूचना लोगों ने तत्काल बभनी पुलिस को दिया। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक कमलेश पाल घटनास्थल पर पहुंच गए और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भिजवा दिया। उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम कार्रवाई किया जाएगा।




