Sonbhadra news : अष्टमी पर मां दुर्गा के दरबार में उमड़ा आस्था का जनसैलाब, जयकारों से गूंजा क्षेत्र
शारदीय नवरात्र की अष्टमी पर मारकुंडी क्षेत्र मां दुर्गा की भक्ति में सराबोर नजर आया।

sonbhadra
5:21 PM, October 18, 2026
राकेश चौबे
★ महुआंव कला, मारकुंडी बाजार और सलखन में सजे भव्य दुर्गा पूजा पंडाल, हजारों श्रद्धालुओं ने किए दर्शन-पूजन
मारकुंडी (सोनभद्र)। शारदीय नवरात्र की अष्टमी पर मारकुंडी क्षेत्र मां दुर्गा की भक्ति में सराबोर नजर आया। मां के दर्शन और पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। महुआंव कला से लेकर मारकुंडी बाजार और सलखन मुख्य बाजार तक सजे दुर्गा पूजा पंडालों में भक्तों का तांता लगा रहा। मां के जयकारों और आरती से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और मंगलकामना के लिए मां दुर्गा से आशीर्वाद मांगा।
महुआंव कला में मां देवी पाटन पूजा समिति की ओर से भव्य पंडाल में मां दुर्गा का विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया गया। आकर्षक सजावट से सजे पंडाल में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही। आरती के दौरान भक्तिमय माहौल देखते ही बना। पूजा समिति के सदस्य श्रद्धालुओं की सुविधा और पूजा कार्यक्रमों के सुचारू संचालन में जुटे रहे।
वहीं, रेलवे गेट मारकुंडी स्थित नवयुवा दुर्गा पूजा समिति की ओर से भी मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित कर पूजा-अर्चना की गई। सलखन मुख्य बाजार में नव दुर्गा पूजा समिति का पंडाल श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना रहा। मारकुंडी बाजार स्थित दुर्गा पूजा पंडाल में भी भक्तों ने मां के दर्शन कर माथा टेका।
अष्टमी के पावन अवसर पर तीनों क्षेत्रों के पूजा पंडालों में उमड़ी भीड़ ने नवरात्र के प्रति लोगों की गहरी आस्था और उत्साह को प्रदर्शित किया। जगह-जगह पूजा-अर्चना, आरती और मां के जयकारों से माहौल पूरी तरह भक्तिमय बना रहा। क्षेत्र में दुर्गोत्सव की रौनक देखते ही बन रही थी।




