Sonbhadra News : काफिला रुका, बची जिंदगी - डीएम व एसपी की तत्परता से घायल को मिला समय पर इलाज
प्रशासनिक जिम्मेदारियों के साथ-साथ मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए जिलाधिकारी चर्चित गौड़ और पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने शनिवार को सड़क दुर्घटना में घायल एक व्यक्ति की जान बचाने की दिशा में....

घायल को जिला अस्पताल भेजवाते डीएम व एसपी.........
sonbhadra
12:31 PM, August 1, 2026
आनन्द कुमार चौबे/एम0 शर्मा (संवाददाता)
सोनभद्र । प्रशासनिक जिम्मेदारियों के साथ-साथ मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए जिलाधिकारी चर्चित गौड़ और पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने शनिवार को सड़क दुर्घटना में घायल एक व्यक्ति की जान बचाने की दिशा में सराहनीय पहल की। दुद्धी में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में शामिल होने जा रहे दोनों अधिकारियों का काफिला जैसे ही गुरमुरा के समीप पहुंचा, सड़क किनारे दुर्घटना में घायल एक व्यक्ति तड़पता हुआ दिखाई दिया।
घटना को देखते ही जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने बिना किसी देर किए अपना काफिला रुकवाया और स्वयं मौके पर पहुंचकर घायल का हालचाल जाना। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दोनों अधिकारियों ने तत्काल अपने स्कॉर्ट वाहन से घायल को निकटवर्ती प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजवाया, ताकि उसे समय रहते उपचार मिल सके।
इतना ही नहीं, जिलाधिकारी ने संबंधित स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देशित किया कि घायल को तत्काल आवश्यक चिकित्सीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा उपचार में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता न बरती जाए। पुलिस अधीक्षक ने भी मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों को आवश्यक सहयोग एवं समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिया।
डीएम और एसपी की इस त्वरित एवं संवेदनशीलता के चलते घायल व्यक्ति को समय पर चिकित्सकीय सहायता मिल सकी। मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों अधिकारियों के मानवीय व्यवहार, त्वरित निर्णय क्षमता और संवेदनशील कार्यशैली की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए कहा कि ऐसे अधिकारी प्रशासन की मानवीय छवि को और मजबूत करते हैं।




