Sonbhadra News : कांग्रेस-सपा-बसपा ने मछुआ समाज क़ो लूटा, अब भाजपा से मिलेगा हक - संजय निषाद
निर्बल इंडियन शोषित हमारा आम दल ‘निषाद पार्टी' की संवैधानिक अधिकार यात्रा का आज सोनभद्र में भव्य स्वागत हुआ। मछुआ समाज के हक-हकूक की लड़ाई के लिए निकाली जा रही यात्रा की मुख्य मांग समाज को अनुसूचित...

पत्रकारों के सवालों का जवाब देते निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री डॉ0 संजय निषाद
sonbhadra
7:15 PM, April 25, 2025
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । निर्बल इंडियन शोषित हमारा आम दल ‘निषाद पार्टी' की संवैधानिक अधिकार यात्रा का आज सोनभद्र में भव्य स्वागत हुआ। मछुआ समाज के हक-हकूक की लड़ाई के लिए निकाली जा रही यात्रा की मुख्य मांग समाज को अनुसूचित जाति प्रमाण पत्र निर्गत कराने को लेकर यात्रा निकाली जा रही है।
आज सर्किट हॉउस में पत्रकारों से मुख़ातिब हुए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व कैबिनेट मंत्री डॉ0 संजय निषाद ने बताया कि यात्रा 30 नवंबर को मां शाहकुंभरी देवी शक्तिपीठ सहारनपुर से शुरू हुई थी। यहीं से पाण्डवों ने आशीर्वाद लेकर कौरवो पर विजय प्राप्त की थी। यात्रा को चार चरणों में पूरे उत्तर प्रदेश में जाएगी और यह यात्रा का अंतिम चरण हैं।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि उत्तर प्रदेश की सभी पार्टियों के इतिहास में पहली बार किसी पार्टी और निषाद नेता ने आरक्षण के मुद्दे को लेकर कोई यात्रा निकाली है। आज यात्रा का जिस प्रकार से मछुआ समाज का जनसमर्थन मिल रहा है, उससे यह तो स्पष्ट है कि जल्द ही मछुआ समाज अपने आरक्षण के मुद्दे पर हमारे सहयोगी दल व सत्तारूढ़ पार्टी को आरक्षण के विषय पर सोचने के लिए मजबूर करेगा। उन्होंने बताया कि अंग्रेजों ने कानून बनाकर मछुआरा समाज को क्रिमिनल कास्ट घोषित कर लूटा और बाद में सपा, बसपा और कांग्रेस ने भी इस समाज की नौकरियों, शिक्षा और सुरक्षा पर डाका डाला।
मंत्री ने मछुआ समाज क़ो पांडव और कांग्रेस, सपा, बसपा को कौरव की संज्ञा देते हुए कहा कि कुछ बेईमान लोगों ने मछुआरों को अनुसूचित जाति से हटाकर पिछड़ी जाति में शामिल कर दिया। मछुआरा समाज के हक और अधिकार दिलाने के लिए वे भाजपा के साथ मिलकर लड़ाई लड़ रहे हैं। इसी उद्देश्य से वे एक अधिकार यात्रा निकाल रहे हैं, जिससे भाजपा को भी मछुआरा समाज की स्थिति से अवगत कराया जा सके।
उन्होंने कहा कि निषाद पार्टी और भाजपा का गठबंधन आरक्षण के मुद्दे समेत मछुआ समाज के अन्य मुद्दों को लेकर हुआ था। पार्टी को मछुआ समाज का सहयोग मिला तो 2019 और 2022 की जीत आपने देखी थी लेकिन आरक्षण न मिलने पर 2024 में कुछ सीटों पर हार का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि देश में 200 सीट मछुआ समाज जिताने की स्थिति में है। ऐसे में इन सीटों के लिए भाजपा को सोचना होगा।
वहीं पहलगाम में हुए आतंकी हमले पर गहरा दुःख जताते हुए कहा कि सरकार आतंकियों क़ो उनके अंजाम तक जरूर पहुंचाएगी। उन्होंने कहा कि कश्मीर कश्यपों और मछुआ समाज का है वहाँ इस तरह की आतंकी वरदातों क़ो सरकार बर्दाश्त नहीं करेगी जल्द ही दोषियों क़ो कड़ी सजा मिलेगी।
पहलगाम हमले के बाद यूपी के आगरा में धर्म पूछ कर युवक की हत्या क़ो नाजायज ठहराते हुए कहा कि वह श्रीराम के सहयोगी के वंशज हैं, वह धर्म, जाति के नाम पर लड़ने क़ो जायज नहीं मानते।



