Sonbhadra News : पंचायत भवन से कंप्यूटर, लैपटॉप व इनवर्टर चोरी, लाखों का सामान गायब
चुर्क चौकी क्षेत्र के ग्राम पंचायत कूरा अंतर्गत मुसही गांव स्थित पंचायत भवन में चोरी की बड़ी घटना सामने आई है। चोरों ने भवन में रखे कंप्यूटर, लैपटॉप, इनवर्टर और बैटरी सहित लाखों का सामान चोरी कर लिया

sonbhadra
12:39 PM, July 12, 2026
दिलीप श्रीवास्तव/प्रकाश खत्री (संवाददाता)
चुर्क (सोनभद्र) । चुर्क चौकी क्षेत्र के ग्राम पंचायत कूरा अंतर्गत मुसही गांव स्थित पंचायत भवन में चोरी की बड़ी घटना सामने आई है। चोरों ने भवन में रखे कंप्यूटर, लैपटॉप, इनवर्टर और बैटरी सहित लाखों का सामान चोरी कर लिया। ग्राम प्रधान के अनुसार पंचायत भवन में सुरक्षा के लिए 2 सीसीटीवी कैमरे लगे थे लेकिन पिछले कुछ दिनों से दोनों कैमरे खराब पड़े थे। कैमरे खराब होने की जानकारी रोजगार सेवक को थी। कुछ दिन पहले रोजगार सेवक और पंचायत सचिव ने कैमरे की मरम्मत के लिए तकनीशियन को बुलाया था, लेकिन इसकी सूचना ग्राम प्रधान को नहीं दी गई । चोरी की सूचना मिलते ही ग्राम प्रधान और पंचायत सचिव मौके पर पहुंचे और घटना की लिखित तहरीर चुर्क चौकी में दी गई।
चुर्क चौकी प्रभारी धर्म नारायण भार्गव ने बताया कि पंचायत भवन में चोरी की तहरीर मिल गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा। फिलहाल पुलिस आसपास के इलाकों में पूछताछ और सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी है।




