Sonbhadra News : फिर चर्चा में कंपोजिट विद्यालय बीजपुर
शिक्षा क्षेत्र म्योरपुर में स्थित कंपोजिट विद्यालय बीजपुर अपने किसी न किसी कार्य को लेकर पिछले कुछ महीनों से सुर्खियां बटोरने में लगा हुआ है।

फाइल फ़ोटो
sonbhadra
11:57 PM, February 14, 2025
बीजपुर (सोनभद्र) । शिक्षा क्षेत्र म्योरपुर में स्थित कंपोजिट विद्यालय बीजपुर अपने किसी न किसी कार्य को लेकर पिछले कुछ महीनों से सुर्खियां बटोरने में लगा हुआ है। ताजा मामला खंड शिक्षा अधिकारी द्वारा नियम विरुद्ध तरीके के प्रभार देने का तूल पकड़ने लगा है। शुक्रवार को कंपोजिट विद्यालय बीजपुर पहुंचे खंड शिक्षा अधिकारी विश्वजीत कुमार ने मामले को सलटाने की जगह शिक्षकों को ही धमका कर आग में घी डालने का काम कर दिया। खंड शिक्षा अधिकारी के द्वारा शासनादेश के विरुद्ध किए गए कार्य से शिक्षको में व्यापक आक्रोश है।
ज्ञात हो कि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनंद के द्वारा दिसंबर माह में प्रभारी प्रधानाध्यापक को निलंबित करने के बाद खाली पड़े प्रभारी पद पर खंड शिक्षा अधिकारी द्वारा अपने चहेते शिक्षक को कंपोजिट विद्यालय बीजपुर में प्रभारी बनाया गया है। अंदरखाने के सूत्रों से मिली जानकारी पर गौर करें तो अपने खासम खास को प्रधानाध्यापक के सिंहासन पर बैठाने के लिए ही पुराने प्रधानाध्यापक आशारानी को बलि का बकरा बनाया गया था।
बताया जाता है कि शुक्रवार को कंपोजिट विद्यालय बीजपुर पहुंचे खंड शिक्षा अधिकारी द्वारा शिक्षकों को सीधे धमकाया गया कि किसी ने विरोध किया तो दूर के स्कूल में उठा कर फेक दूंगा। खंड शिक्षा अधिकारी ने हाजिरी बढ़ाने के लिए भी शिक्षकों को सीधे तौर पर कारवाई की धमकी दी गई है।
नियम विरुद्ध तरीके से वरिष्ठता क्रम को ताख पर रख कर प्रधानाध्यापक द्वारा तो अभी तक शिक्षकों को हाजिरी बढ़ाने के लिए अधिकारीयों को बुला कर कारवाई की धमकी ही दिया जा रहा था, लेकिन शुक्रवार को कंपोजिट विद्यालय बीजपुर पहुंच कर खंड शिक्षा अधिकारी ने भी धमकी देकर आगमें घी डालने वाली कहावत को चरितार्थ कर दिया।
एक स्कूल से दूसरे स्कूल पर भेजे जाने की खंड शिक्षा अधिकारी की धमकी से परेशान शिक्षकों में खलबली मच गई है। बहरहाल जो भी हो, मामला जल्द ही महानिदेशक सहित डीएम दरबार सहित तहसील दिवस में जा सकता है। अब देखना यह है कि अपने चहेते शिक्षक को प्रधानाध्यापक बनाए रखने के लिए खंड शिक्षा अधिकारी आगे चल कर कंपोजिट विद्यालय बीजपुर के और कितने शिक्षकों की बलि चढ़ाते हैं।




