Sonbhadra News : 1 से 31 अक्टूबर तक चलेगा संचारी रोग नियंत्रण अभियान - सीएमओ
बारिश से पनपने वाले वेक्टर जनित रोगों, संचारी रोगों एवं दिमागी बुखार पर प्रभावी नियंत्रण के लिए योगी सरकार एक बार फिर प्रदेश भर में 1 अक्टूबर से संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाने जा रही है जो 31....

sonbhadra
10:51 PM, September 26, 2024
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । बारिश से पनपने वाले वेक्टर जनित रोगों, संचारी रोगों एवं दिमागी बुखार पर प्रभावी नियंत्रण के लिए योगी सरकार एक बार फिर प्रदेश भर में 1 अक्टूबर से संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाने जा रही है जो 31 अक्टूबर तक चलेगा। इसके साथ ही 11 अक्टूबर से 31 अक्तूबर तक पूरे प्रदेश में दस्तक अभियान भी चलाया जाएगा।
इसी क्रम में आज अन्तर्विभागीय समन्वय समिति की प्रथम बैठक मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 अश्वनी कुमार की अध्यक्षता में सीएमओ कार्यालय सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक में सीएमओ ने संचारी अभियान पर विस्तृत चर्चा करते हुए सभी विभागों को ससमय माइक्रोप्लान बनाने व माइक्रोप्लान के अनुसार कार्य करने हेतु निर्देशित किया।
इस दौरान सीएमओ डॉ0 अश्वनी कुमार ने बताया कि "1 से 31 अक्टूबर तक संचारी अभियान तथा 11 से 31 अक्टूबर तक दस्तक अभियान चलाया जायेगा। नवीन घटक के रूप में आशा द्वारा नान कम्युनिकेबल डिजीज के 30 वर्ष के ऊपर के पांच पात्र व्यक्तियों को चिन्हित करते हुए सी-बैक फार्म पूर्ण किया जायेगा साथ ही ई-कवच पोर्टल पर रोगियों की लिस्ट अपडेट की जायेगी। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें साथ ही उन स्थानों से भी स्वास्थ्य विभाग की टीम को अवगत कराएं, जहां मच्छर पनपते हैं।"
इस मौके पर अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ0 आर0जी0यादव, उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 प्रेमनाथ, अपर जिला मलेरिया अधिकारी आर0के0सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी नमिता शरण सहित अन्य लोग मौजूद रहे।




