Sonbhadra News : अनियंत्रित ट्रैक्टर व पिकअप में टक्कर, दो लोग गंभीर रूप से घायल
स्थानीय थाना क्षेत्र के सिंदुरिया में शुक्रवार सुबह उस समय भीषण सड़क हादसा हो गया, जब एक अनियंत्रित ट्रैक्टर ने सामने से आ रही पिकअप वाहन को जोरदार टक्कर मार दी।

sonbhadra
5:33 PM, March 6, 2026
घनश्याम पांडे/विनीत शर्मा (संवाददाता)
चोपन (सोनभद्र)। स्थानीय थाना क्षेत्र के सिंदुरिया में शुक्रवार सुबह उस समय भीषण सड़क हादसा हो गया, जब एक अनियंत्रित ट्रैक्टर ने सामने से आ रही पिकअप वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
हादसे में ट्रैक्टर सवार और चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोपन पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर शिवकुमार यादव ने उनका प्राथमिक उपचार किया। घायलों की हालत गंभीर होने और अंदरूनी चोट की आशंका के चलते उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर चालक ट्रैक्टर लेकर भरहरी की ओर जा रहा था, जबकि गोठानी की दिशा से आ रही पिकअप से उसकी आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि बालू लदे भारी वाहनों के लगातार आवागमन से सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है। बीच में बने ब्रेकर और टूटी सड़क को बचाने के चक्कर में चालक अक्सर वाहन गलत दिशा में ले जाते हैं, जिससे हादसे की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों के अनुसार सड़क बनने के बाद अब तक दो बार मरम्मत हो चुकी है, लेकिन घटिया निर्माण और लापरवाही के कारण डेढ़ साल के भीतर ही सड़क जगह-जगह से टूट गई है।




